अब नतीजों का इंतजार,  जानें- एग्जिट पोल सच के कितने करीब
x

अब नतीजों का इंतजार, जानें- एग्जिट पोल सच के कितने करीब

चार मई को औपचारिक नतीजों से पहले चर्चा एग्जिट पोल पर हो रही है एग्जिट पोल के आंकड़े कभी गलत को कभी सही साबित हुए हैं।


पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को दूसरे चरण के चुनाव के साथ ही अब इंतजार 4 मई का है जब औपचारिक नतीजों का ऐलान होगा। लेकिन उससे पहले एग्जिट पोल के आंकड़े तस्वीर पेश कर रहे हैं कि असम, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल में किसकी सरकार बन सकती है। एग्जिट पोल के समर्थक और विरोधी हैं जिसके पक्ष में नतीजे उसके लिए अनुमान के ये आंकड़े दुरुस्त लेकिन जिनके पक्ष में ये आंकड़े नहीं बोलते हैं उसके लिए खामी ही खामी।

एग्जिट पोल्स ने कई राज्यों में राजनीतिक समीकरणों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है। पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं, जबकि केरल में कांग्रेस की सत्ता में वापसी की संभावना जताई जा रही है। तमिलनाडु में DMK की स्थिति मजबूत दिखाई दे रही है, लेकिन अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके से उसे कड़ी चुनौती मिलने के आसार भी नजर आ रहे हैं। हालांकि, 2021 के चुनावों का अनुभव बताता है कि एग्जिट पोल हमेशा पूरी तरह सटीक नहीं होते।

पश्चिम बंगाल: 2021 में चूके अनुमान

पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए 2021 के एग्जिट पोल में टीएमसी और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर का अनुमान लगाया गया था। कई सर्वे में भाजपा की सरकार बनने की संभावना जताई गई थी, लेकिन वास्तविक नतीजों में टीएमसी ने 215 सीटों के साथ शानदार जीत दर्ज की, जबकि भाजपा 77 सीटों पर सिमट गई।अब 2026 के एग्जिट पोल संकेत दे रहे हैं कि भाजपा अपने दम पर सरकार बना सकती है, जबकि टीएमसी बहुमत से दूर रह सकती है।

असम: एग्जिट पोल काफी हद तक सटीक

असम की 126 सीटों पर 2021 में एग्जिट पोल काफी हद तक सही साबित हुए थे। अधिकांश सर्वे में भाजपा की जीत का अनुमान लगाया गया था, जो नतीजों में भी दिखा। हालांकि सीटों में हल्का अंतर जरूर रहा।2026 के लिए भी संकेत मिल रहे हैं कि भाजपा राज्य में जीत की हैट्रिक लगा सकती है और मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की लोकप्रियता बरकरार है।

तमिलनाडु: DMK की जीत का अनुमान सही

234 सीटों वाले तमिलनाडु में 2021 के एग्जिट पोल ने DMK की जीत का सही अनुमान लगाया था। हालांकि सीटों का अनुमान वास्तविक परिणामों से थोड़ा ज्यादा था, लेकिन यह स्पष्ट था कि DMK, AIADMK को हराकर सत्ता में आएगी।2026 के एग्जिट पोल में संकेत हैं कि विजय की पार्टी टीवीके इस बार बड़ी भूमिका निभा सकती है और कुछ सर्वे उसे 100 से अधिक सीटें दे रहे हैं।

केरल: परंपरा टूटी, एग्जिट पोल भी सटीक

केरल की 140 सीटों पर 2021 के एग्जिट पोल ने सभी को चौंका दिया था, क्योंकि राज्य में हर बार सत्ता परिवर्तन की परंपरा रही है। इसके बावजूद एग्जिट पोल ने लगातार दूसरी बार LDF की जीत का अनुमान लगाया, जो सही साबित हुआ।2026 में तस्वीर बदलती दिख रही है, जहां कांग्रेस के नेतृत्व वाली UDF की वापसी की संभावना जताई जा रही है।

पुडुचेरी: NDA की जीत का सटीक अनुमान

पुडुचेरी की 30 सीटों के लिए 2021 के एग्जिट पोल ने NDA की जीत का अनुमान लगाया था, जो नतीजों में भी सही साबित हुआ। अधिकांश सर्वे में AINRC के नेतृत्व वाले गठबंधन को बढ़त दी गई थी।2021 के अनुभव से साफ है कि एग्जिट पोल कई बार रुझान तो सही पकड़ते हैं, लेकिन अंतिम नतीजे अलग हो सकते हैं।

Read More
Next Story