
फलता में BJP को बंपर बढ़त, मैदान छोड़ने वाले TMC उम्मीदवार को मिले इतने मत
पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर पुनर्मतदान की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। EVM विवाद के बाद सभी बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया था।
पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट (Falta Assembly Constituency) सीट पर मतगणना जारी है और शुरुआती रुझानों में भाजपा ने बड़ी बढ़त बना ली है। फलता में मतगणना के शुरुआती रुझानों में बीजेपी उम्मीदवार देबांशु पांडा लगातार मजबूत बढ़त बनाए हुए हैं। चुनाव आयोग के अनुसार अब तक चार राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है, जिसमें देबांशु पांडा 14,093 वोटों से आगे चल रहे हैं।
अब तक की गिनती में बीजेपी प्रत्याशी को कुल 25,438 वोट मिले हैं। वहीं, CPIM उम्मीदवार शंभूनाथ कुर्मी को 11,345 वोट प्राप्त हुए हैं।इसके अलावा कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुर रज्जाक को 2,996 वोट मिले हैं, जबकि तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान को अब तक 1,405 वोट हासिल हुए हैं।चार राउंड की मतगणना के बाद बीजेपी उम्मीदवार की मजबूत बढ़त को देखते हुए क्षेत्र में पार्टी समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल है।
पहले राउंड की काउंटिंग के बाद बीजेपी उम्मीदवार देवांशु पांडा (Debangshu Panda) 9,000 से ज्यादा वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।इस सीट पर पुनर्मतदान 21 मई को कराया गया था, जबकि आज वोटों की गिनती हो रही है। मतदान से ठीक पहले, 19 मई को तृणमूल कांग्रेस (TMC) उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया था।
पहले राउंड की मतगणना में बीजेपी के देवांशु पांडा ने बड़ी बढ़त हासिल की है। CPI(M) उम्मीदवार शंभुनाथ कुर्मी को 448 वोट मिले हैं और वे दूसरे स्थान पर हैं।कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल रज्जाक मोला 225 वोटों के साथ तीसरे नंबर पर हैं। वहीं, मैदान छोड़ने की घोषणा कर चुके जहांगीर खान को भी 210 वोट मिले हैं।फलता सीट पर EVM विवाद और पुनर्मतदान के कारण यह चुनाव राज्य की सबसे चर्चित सीटों में शामिल रहा है।
दक्षिण 24 परगना जिले की इस सीट पर 29 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान हुआ था। हालांकि बाद में ईवीएम से छेड़छाड़ और चुनावी अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने पूरे निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान कराने का फैसला किया था।
285 बूथों पर हुआ था पुनर्मतदान
फलता विधानसभा क्षेत्र के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को दोबारा मतदान कराया गया। पुनर्मतदान में करीब 2.36 लाख मतदाताओं में से 87 प्रतिशत से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।चुनाव आयोग ने पुनर्मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दोगुनी कर दी थी। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरे क्षेत्र में केंद्रीय बलों की लगभग 35 कंपनियां तैनात की गई थीं।
TMC उम्मीदवार ने चुनाव लड़ने से किया इनकार
इस सीट पर आधिकारिक तौर पर छह उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन पुनर्मतदान से कुछ दिन पहले जहांगीर खान ने चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा कर दी थी। उनकी पार्टी Trinamool Congress ने इसे उनका व्यक्तिगत फैसला बताया था।
EVM से छेड़छाड़ के आरोपों के बाद बढ़ा विवाद
29 अप्रैल को हुए मूल मतदान के बाद से ही फलता विधानसभा क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ था। कई मतदान केंद्रों से शिकायतें मिली थीं कि ईवीएम मशीनों पर इत्र जैसी गंध वाले पदार्थ और चिपकने वाले टेप लगाए गए थे।बाद की जांच में यह भी सामने आया कि कई मतदान केंद्रों पर लगे वेब कैमरों की फुटेज से कथित छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई थी। इससे बूथ स्तरीय अधिकारियों, पीठासीन अधिकारियों, मतदान कर्मियों और चुनाव पर्यवेक्षकों की भूमिका पर सवाल उठने लगे थे।

