बंगाल वोटिंग के बीच चुनाव आयोग पर कपिल सिब्बल का बड़ा हमला, निष्पक्षता पर सवाल
x

बंगाल वोटिंग के बीच चुनाव आयोग पर कपिल सिब्बल का बड़ा हमला, निष्पक्षता पर सवाल

पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच कपिल सिब्बल ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आयोग मताधिकार छीन रहा है और निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा।


पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत मतदान जारी है। इसी बीच पूर्व कानून मंत्री और राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है।सिब्बल ने आयोग पर आरोप लगाया कि वह पश्चिम बंगाल में मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित करने का “प्रयोग” कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सवाल उठाया, “जब मताधिकार ही छीना जा रहा है, तो चुनाव कराए ही क्यों जा रहे हैं?” साथ ही उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें तो पद्म भूषण से सम्मानित किया जाना चाहिए।


इससे पहले भी सिब्बल मुख्य निर्वाचन आयुक्त पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि आयोग पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी के पक्ष में काम कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती पर सवाल उठते हैं और इसके लिए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग दोनों जिम्मेदार हैं। राज्य में चुनावी माहौल लगातार ध्रुवीकृत होता जा रहा है, जहां भ्रष्टाचार और रोजगार जैसे मुद्दे पीछे छूटते दिख रहे हैं, जबकि पहचान, नागरिकता और मतदाता सूची से नाम हटाने का विवाद राजनीतिक बहस के केंद्र में आ गया है।

पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान हो रहा है। पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग जारी है, जिनमें उत्तर बंगाल के कई जिले और मुर्शिदाबाद, नदिया, बीरभूम व हुगली की सीटें शामिल हैं। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

Read More
Next Story