तमिलनाडु में आज होगा विजय का राजतिलक, सुबह 10 बजे लेंगे CM पद की शपथ
x
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर (दाएं) से शनिवार (9 मई) को चेन्नई के लोक भवन में टीवीके (TVK) प्रमुख विजय ने मुलाकात की। इस दौरान विजय ने सरकार बनाने का दावा पेश करने के संबंध में चर्चा की। (फोटो: पीटीआई)

तमिलनाडु में आज होगा विजय का राजतिलक, सुबह 10 बजे लेंगे CM पद की शपथ

तमिलनाडु में खत्म हुआ सियासी सस्पेंस, आज सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे विजय, राहुल गांधी भी रहेंगे उपस्थित...


Click the Play button to hear this message in audio format

तमिलनाडु में अभिनेता से राजनेता बने विजय के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता आखिरकार पूरी तरह साफ हो गया है। वीसीके (VCK) और आईयूएमएल (IUML) द्वारा बिना शर्त समर्थन दिए जाने के बाद उनकी पार्टी टीवीके (TVK) के समर्थन में कुल 120 विधायक हो गए हैं, जो बहुमत के आंकड़े से दो अधिक हैं। कांग्रेस और वामदलों ने भी विजय को समर्थन देने का ऐलान किया है।

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने विजय की पार्टी टीवीके को राज्य में सरकार बनाने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही पिछले चार दिनों से जारी राजनीतिक असमंजस भी समाप्त हो गया।

शनिवार को विजय ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर 120 विधायकों के समर्थन वाला पत्र सौंपा। इसके बाद राज्यपाल ने टीवीके को सरकार गठन के लिए हरी झंडी दे दी। नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आज यानी 10 मई को आयोजित होगा।

अभिनेता से राजनेता बने विजय आज सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी चेन्नई पहुंचकर विजय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार, विजय शपथ ग्रहण का समय बदलवाना चाहते थे, लेकिन उनके ज्योतिषी ने सुबह 10 बजे का समय शुभ बताया। बताया जा रहा है कि इसी कारण राज्यपाल के साथ उनकी बैठक करीब दो घंटे तक चली। इस दौरान विजय लगातार अपने ज्योतिषी से फोन पर सलाह लेते रहे।

राज्यपाल ने नामित मुख्यमंत्री विजय को 13 मई 2026 या उससे पहले विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है। इससे पहले विजय लगातार तीन दिनों तक राज्यपाल से मुलाकात करने के बावजूद सरकार गठन के लिए जरूरी 118 विधायकों का समर्थन नहीं दिखा पाए थे। आवश्यक संख्या पूरी नहीं होने के कारण उन्हें पहले सरकार बनाने का न्योता नहीं मिला था।

तमिलनाडु में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी TVK

सिर्फ दो साल पुरानी विजय की पार्टी टीवीके ने इस चुनाव में डीएमके और एआईएडीएमके जैसी द्रविड़ राजनीति की दिग्गज पार्टियों को पीछे छोड़ते हुए 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने में सफलता हासिल की। हालांकि विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक सीट छोड़नी होगी। इसलिए पार्टी के विधायकों की वास्तविक संख्या 107 मानी जा रही है। इसके साथ ही एक विधायक को स्पीकर पद पर नियुक्त किया जाएगा तो पार्टी के विधायकों की संख्या घटकर 106 रह जाती।

डीएमके के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस ने 5 सीटें जीती थीं। चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस, डीएमके से अलग होकर टीवीके को समर्थन देने वाली पहली पार्टी बनी। इसके बाद वामदलों ने भी अपने चार विधायकों के समर्थन का ऐलान किया। अब वीसीके और आईयूएमएल के 2-2 विधायकों के समर्थन मिलने के बाद टीवीके बहुमत के आंकड़े को पार कर चुकी है।

234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत के लिए 118 विधायकों का समर्थन जरूरी है।

विजय के समर्थन में पहुंचे 120 विधायक

टीवीके के 107, कांग्रेस के 5, वामदलों के 4 और वीसीके तथा आईयूएमएल के 2-2 विधायकों को मिलाकर अब विजय के समर्थन में कुल 120 विधायक हो गए हैं। यह संख्या बहुमत के आंकड़े से दो अधिक है।

सूत्रों के अनुसार, वीसीके प्रमुख थोल थिरुमावलवन इस बात से नाराज थे कि विजय ने व्यक्तिगत रूप से संपर्क करने के बजाय व्हाट्सऐप संदेश के जरिए समर्थन मांगा था। वहीं आईयूएमएल ने भी शुरुआत में खुद को डीएमके के साथ बताते हुए सख्त रुख अपनाया था।

हालांकि शनिवार सुबह टीवीके नेताओं की वीसीके और आईयूएमएल नेतृत्व के साथ हुई बैठक के बाद हालात बदल गए और दोनों दलों ने समर्थन देने का फैसला कर लिया।

वीसीके ने भले ही बिना शर्त समर्थन दिया हो लेकिन पार्टी नेता वन्नी अरसु ने स्थानीय मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार में शामिल होने को लेकर अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी चाहती है कि विजय द्वारा छोड़ी जाने वाली सीट से थोल थिरुमावलवन चुनाव लड़ें और भविष्य में उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया जाए।

Read More
Next Story