4 दिन बंद रहेंगी EPFO की ऑनलाइन सेवाएं, क्लेम- बैलेंस चेक होगा प्रभावित
x

4 दिन बंद रहेंगी EPFO की ऑनलाइन सेवाएं, क्लेम- बैलेंस चेक होगा प्रभावित

EPFO ने सिस्टम अपग्रेड के लिए 26 से 29 जून तक ऑनलाइन सेवाएं बंद रखने का फैसला किया है। इस दौरान PF क्लेम, ट्रांसफर और कई डिजिटल सेवाएं प्रभावित रहेंगी।


अगर आप कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ऑनलाइन सेवाओं का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। EPFO ने अपने सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए 26 जून से 29 जून तक कई ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया है। इस दौरान सदस्य नया क्लेम नहीं कर पाएंगे और कई दूसरी ऑनलाइन सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं होंगी।ऑनलाइन सेवाएं 30 जून 2026 से दोबारा शुरू हो जाएंगी।

क्यों बंद रहेंगी सेवाएं?

EPFO अपने डेटाबेस और सॉफ्टवेयर को अपग्रेड कर रहा है। संगठन का कहना है कि इस बदलाव के बाद क्लेम का निपटारा पहले से तेज होगा, सिस्टम ज्यादा सुरक्षित बनेगा और सदस्यों को बेहतर ऑनलाइन अनुभव मिलेगा।हालांकि, EPFO ने सीधे तौर पर यह नहीं कहा है कि यह अपग्रेड EPFO 3.0 का हिस्सा है, लेकिन माना जा रहा है कि नए डिजिटल सिस्टम को लागू करने की तैयारी के तहत यह काम किया जा रहा है।

इन सेवाओं पर पड़ेगा असर

चार दिनों तक सदस्य नया ऑनलाइन PF क्लेम जमा नहीं कर सकेंगे। पहले से दिए गए क्लेम की प्रक्रिया भी रुकी रहेगी। PF बैलेंस चेक करने और कुछ अन्य ऑनलाइन सेवाओं में भी परेशानी आ सकती है। PF ट्रांसफर और निकासी (Withdrawal) से जुड़े काम में देरी हो सकती है।मेंटेनेंस शुरू होने से पहले जमा किए गए क्लेम पर भी कार्रवाई अपग्रेड पूरा होने के बाद ही होगी।

अगर जरूरी काम है तो पहले कर लें

EPFO ने सदस्यों को सलाह दी है कि अगर उन्हें PF निकालना है या ट्रांसफर करना है, तो अपनी योजना इस अवधि को ध्यान में रखकर बनाएं। संगठन ने असुविधा के लिए खेद जताया है और सदस्यों से सहयोग की अपील की है।किसी भी जानकारी या सहायता के लिए सदस्य EPFO हेल्पलाइन नंबर 14470 पर संपर्क कर सकते हैं।

EPFO 3.0 में क्या होगा नया?

EPFO जल्द ही EPFO 3.0 लॉन्च करने की तैयारी में है, जिसका मकसद PF से जुड़ी सेवाओं को पहले से ज्यादा आसान और तेज बनाना है।नई व्यवस्था लागू होने के बाद सदस्य UPI के जरिए सीधे अपने बैंक खाते में PF की राशि निकाल सकेंगे। इसके अलावा कई सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन और पेपरलेस हो जाएंगी।

सरकार के अनुसार नए सिस्टम में UPI से PF निकासी की सुविधा मिलेगी। क्लेम की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी।कम समय में क्लेम का निपटारा होगा।भविष्य में ATM जैसी सुविधा के जरिए भी PF निकालने का विकल्प मिल सकता है। इस अपग्रेड के बाद EPFO की डिजिटल सेवाएं पहले से ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

Read More
Next Story