
डॉलर की मजबूती से टूटा गोल्ड-सिल्वर, कीमतों में भारी गिरावट
मजबूत डॉलर, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और मुनाफावसूली के चलते सोना-चांदी में बड़ी गिरावट आई। MCX पर चांदी 7000 रुपये और सोना 1600 रुपये तक टूटा।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोर संकेतों के बीच मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही चांदी के दाम में करीब 7000 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट देखने को मिली, जबकि सोना भी 1 फीसदी से अधिक टूट गया।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, मजबूत अमेरिकी डॉलर, बढ़ती बॉन्ड यील्ड और मुनाफावसूली के दबाव के चलते कीमती धातुओं की कीमतों में यह गिरावट आई है। वहीं अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा निकट भविष्य में ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम होने से भी बुलियन बाजार पर दबाव बढ़ा है।
MCX पर सोना और चांदी लुढ़के
मंगलवार को एमसीएक्स पर 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 1600 रुपये या 1 फीसदी से अधिक गिरकर 1,46,528 रुपये तक पहुंच गई। हालांकि बाद में इसमें कुछ रिकवरी देखने को मिली और सोना लगभग 1250 रुपये की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया।वहीं चांदी में और भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई। एमसीएक्स पर चांदी का वायदा भाव 7000 रुपये प्रति किलोग्राम से अधिक टूटकर 2,27,125 रुपये तक पहुंच गया। बाद में इसमें भी हल्की रिकवरी हुई, लेकिन फिर भी चांदी करीब 6000 रुपये की कमजोरी के साथ कारोबार करती रही।
क्यों आई सोना-चांदी में गिरावट?
विशेषज्ञों का कहना है कि सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कई प्रमुख कारण हैं। अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी, निवेशकों द्वारा मुनाफावसूली,फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों का कमजोर पड़ना है।इन कारकों ने निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश विकल्पों से हटाकर अन्य परिसंपत्तियों की ओर मोड़ दिया है, जिससे कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी
वैश्विक बाजार में भी सोना और चांदी दबाव में दिखाई दिए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 46.45 डॉलर यानी 1.11 फीसदी गिरकर 4,156.25 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता दिखा।वहीं चांदी की कीमत में 4.03 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 2.645 डॉलर टूटकर 62.938 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
दिल्ली सर्राफा बाजार में भी असर
अंतरराष्ट्रीय और कमोडिटी बाजारों की कमजोरी का असर घरेलू सर्राफा बाजार पर भी दिखाई दिया। दिल्ली में सोने का भाव घटकर 1,49,070 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 2,50,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गया।
शेयर बाजार पर भी दबाव
कीमती धातुओं के साथ-साथ शेयर बाजार में भी कमजोरी का माहौल देखने को मिला। कारोबार के दौरान निफ्टी करीब 20 अंक नीचे कारोबार करता नजर आया, जबकि सेंसेक्स में 100 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं और निवेशकों की सतर्कता के चलते आने वाले दिनों में सोना-चांदी और शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।

