
सेंसेक्स-निफ्टी में भारी बिकवाली, आईटी सेक्टर पर सबसे ज्यादा मार
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। सेंसेक्स 800 अंक से ज्यादा टूटा, जबकि आईटी और टेक शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली रही।
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिली। कारोबार की शुरुआत के साथ ही निवेशकों में बिकवाली हावी रही, जिसके चलते प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी दोनों लाल निशान में खुलकर तेजी से नीचे फिसल गए। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव आईटी और टेक्नोलॉजी सेक्टर के शेयरों पर देखने को मिला।
खुलते ही बिखरे सेंसेक्स और निफ्टी
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अपने पिछले बंद 77,409 अंक के मुकाबले गिरावट के साथ 76,852 पर खुला। कारोबार शुरू होने के कुछ ही देर बाद बिकवाली और तेज हो गई, जिससे सेंसेक्स 76,605 अंक तक लुढ़क गया। इस तरह सूचकांक में 800 अंक से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 भी दबाव में नजर आया। निफ्टी अपने पिछले बंद 24,168 अंक के मुकाबले गिरकर 23,991 पर खुला और बाद में करीब 220 अंक टूटकर 23,939 के स्तर तक पहुंच गया।
आईटी और टेक शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव
बाजार की गिरावट में आईटी और टेक्नोलॉजी शेयरों का सबसे बड़ा योगदान रहा। कारोबार शुरू होते ही इस सेक्टर के कई दिग्गज शेयरों में तेज बिकवाली देखने को मिली।आईटी कंपनियों में इंफोसिस का शेयर करीब 8.50 फीसदी, टीसीएस 6.20 फीसदी, टेक महिंद्रा 5.60 फीसदी और एचसीएल टेक 5.40 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया।
अन्य बड़े शेयर भी फिसले
आईटी सेक्टर के अलावा कई अन्य प्रमुख कंपनियों के शेयरों में भी कमजोरी देखी गई। एचडीएफसी बैंक का शेयर 2.30 फीसदी, एमफैसिस 6.60 फीसदी, पर्सिस्टेंट सिस्टम्स 5 फीसदी, कोफोर्ज 4.20 फीसदी और डिक्सन टेक्नोलॉजीज 2.20 फीसदी तक टूटकर कारोबार कर रहे थे।
निवेशकों में बढ़ी चिंता
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन आई इस बड़ी गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। खासकर आईटी और टेक्नोलॉजी शेयरों में तेज बिकवाली के चलते बाजार पर दबाव बना हुआ है। अब निवेशकों की नजर अगले कारोबारी सत्र और वैश्विक बाजारों से आने वाले संकेतों पर रहेगी।

