
बुलंदशहर: चेहरे पर केक लगाया तो खुनी खेल में बदली बर्थडे पार्टी, तीन की हत्या
खुर्जा के एक जिम में जन्मदिन के दौरान मामूली विवाद ने लिया बड़ा रूप। केक लगाने पर भड़के युवकों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, तीन दोस्तों की मौके पर ही मौत, इलाके में दहशत।
Tripple Murder In Birthday Bash : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के खुर्जा में शनिवार-रविवार की रात एक भयानक वारदात सामने आई है। यहाँ एक जिम में चल रही बर्थडे पार्टी के दौरान हुई कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद के बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन युवकों की जान चली गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
#WATCH | Bulandshahr, UP | Visuals from the spot where an altercation during a birthday celebration resulted in the death of three men. Investigations are underway to arrest the accused, one of whom was the person for whom the birthday celebrations were organised. (25.04) pic.twitter.com/OAvPhS8yxU
— ANI (@ANI) April 25, 2026
केक लगाने पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपियों में से एक का जन्मदिन था। पार्टी के दौरान एक युवक ने जन्मदिन वाले लड़के के चेहरे पर केक लगा दिया। बस इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। देखते ही देखते जन्मदिन मना रहे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर जिम के अंदर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं।
मनीष, आकाश और अमरदीप की मौत
इस गोलीबारी में मनीष, आकाश और अमरदीप नाम के तीन युवकों को गोलियां लगीं। तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। फायरिंग में कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है। तिहरे हत्याकांड के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा है और लोग दहशत के साये में हैं।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष सिंह और डीआईजी कलानिधि नैथानी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। फॉरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने कुछ लोगों को नामजद करते हुए जांच तेज कर दी है।
CCTV फुटेज खंगाल रही टीमें
मेरठ रेंज के DIG कलानिधि नैथानी के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों के भागने के रूट का पता चल सके। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि हत्यारोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात
वारदात के बाद खुर्जा क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल, मुख्य आरोपी और उसके साथी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है कि कैसे एक छोटी सी बात ने तीन घरों के चिराग बुझा दिए।
Next Story

