
ट्विशा शर्मा मौत मामला: 80 किलो की डमी के साथ CBI का सीन रिक्रिएशन
भोपाल में सनसनीखेज मौत मामले की जांच तेज। आरोपी पति समर्थ और सास गिरिबाला सिंह की मौजूदगी में सीबीआई ने रीक्रिएट किया सीन, घबराहट की शिकायत कर रहीं सास।
Twisha Sharma Death Case: भोपाल के बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में CBI की टीम ने सोमवार (1 जून 2026) को घटनास्थल पर पहुंचकर एक बेहद महत्वपूर्ण और वैज्ञानिक कदम उठाया है। सीबीआई के 6 अधिकारियों की टीम ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह के घर पहुंची और वहां 80 किलोग्राम के एक डमी पुतले के साथ पूरे घटनाक्रम का 'सीन रिक्रिएशन' किया।
यह वही जगह है जहां बीते 12 मई को ट्विशा शर्मा का शव एक जिम्नास्टिक हुक से बेल्ट के सहारे लटका हुआ मिला था। सीबीआई इस डमी रिक्रिएशन के जरिए यह बारीकी से समझना चाहती है कि वारदात वाले दिन असल में क्या हुआ था और क्या आरोपियों के बयान घटनास्थल की परिस्थितियों से मेल खाते हैं या नहीं।
#WATCH भोपाल: ट्विशा शर्मा मौत मामला | CBI टीम ने ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के साथ मिलकर भोपाल स्थित उनके आवास पर क्राइम सीन को रीक्रिएट किया। pic.twitter.com/nJtmLWIpXM
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 1, 2026
छत पर मौजूद रहे पति और सास; गांठ खोलकर दिखाना पड़ा पूरा वाकया
इस सीन रिक्रिएशन के दौरान सीबीआई की टीम आरोपी पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह को वापस घर की उसी जगह पर लेकर गई, जहां ट्विशा कथित तौर पर फंदे से लटकी मिली थीं। पूछताछ के दौरान पति समर्थ ने दावा किया था कि उसने ही ट्विशा को फंदे से नीचे उतारा था, जबकि उसकी मां गिरिबाला सिंह ने फंदे की गांठ खोली थी।
सीबीआई ने इस थ्योरी को परखने के लिए मौके पर उस नौकर को भी बुलाया, जिसने समर्थ के साथ मिलकर शव को नीचे उतारा था। छत पर महिला अधिकारियों की मौजूदगी में सास गिरिबाला को डमी लिगेचर (फंदे) की गांठ को उसी तरह दोबारा खोलकर दिखाना पड़ा, जैसे उन्होंने ट्विशा के गले का फंदा ढीला करने का दावा किया था।
पूछताछ से बचने के लिए सास ने की 'घबराहट और एंग्जायटी' की शिकायत
सीबीआई सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय एजेंसी की हिरासत में चल रही ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह लगातार एंग्जायटी (Anxiety), बेचैनी और घबराहट की शिकायत कर रही हैं। बताया जा रहा है कि वह इस शारीरिक असहजता का हवाला देकर सीबीआई की कड़ी पूछताछ और तीखे सवालों से बचने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि, मौका-ए-वारदात पर मुआयने के दौरान महिला अफसरों की टीम उनके साथ लगातार मुस्तैद दिखी।
पुलिस छावनी में बदला इलाका, घर के चारों तरफ बैरिकेडिंग
सीन रिक्रिएशन की संवेदनशीलता को देखते हुए घटनास्थल और उसके आसपास सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए गए थे। सीबीआई टीम के पहुंचने से पहले ही पूरे घर को चारों तरफ से बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया गया था। मौके पर कटारा हिल्स थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि जांच प्रक्रिया में किसी भी तरह की बाधा न आए। सीबीआई अब इस रिक्रिएशन से मिले तकनीकी निष्कर्षों और फॉरेंसिक रिपोर्ट का मिलान आरोपियों के बयानों से करके जांच को अंतिम रूप देगी।
Next Story

