
LPG Crisis : दिल्ली में ₹200 किलो गैस भरते पकड़ा गया दुकानदार
क्राइम ब्रांच की डाबरी इलाके में रेड कर 17 सिलेंडर बरामद किये हैं। दिल्ली में जमाखोरों ने पैदा की हुई है गैस की 'नकली' किल्लत। आरोपी 200 रुपे किलो में भर रहा था गैस।
LPG Crisis : मिडिल ईस्ट की जंग और सप्लाई चेन के धीमा होने का बहाना बनाकर राजधानी दिल्ली में जो ईंधन का 'हाहाकार' मचा है, उसके पीछे का सच भी सामने आने लगा है। जहाँ एक तरफ छोटे दुकानदार और ढाबा चलाने वाले ₹4 हजार से 6 हजार रूपये में सिलेंडर खरीदने को मजबूर हैं और कोयले या केरोसिन के धुएं में अपनी आँखें जला रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली की गलियों में जमाखोरी का गंदा खेल चल रहा है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (WR-I) ने डाबरी इलाके में एक बड़ी छापेमारी कर इस 'कृत्रिम किल्लत' के गुब्बारे का भंडाफोड़ किया है।
छापेमारी: सीतापुरी में चल रही थी 'ब्लैक' रिफिलिंग
क्राइम ब्रांच के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि हमारी टीम को सूचना मिली थी कि डाबरी थाना क्षेत्र के सीतापुरी इलाके में एलपीजी सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और गैस की काला बाज़ारी चल रही है। इंस्पेक्टर अनिल मलिक की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने जब सीतापुरी स्थित एक दुकान पर छापा मारा, तो वहाँ काफी संख्या में सिलेंडर का भंडारण किया हुआ था।
पुलिस ने इस आरोप में 61 वर्षीय मोहन लाल गर्ग को गिरफ्तार किया है। वह अपनी दुकान की आड़ में घरेलू सिलेंडरों से गैस निकालकर छोटे सिलेंडरों में भर रहा था।
लूट का रेट: ₹200 प्रति किलो के हिसाब से गैस बेच रहा था
पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुलासा किया कि वो एक किलो गैस कम से कम ₹200 में बेच रहा था। अगर किसी से ज्यादा में बात बन जाती तो उससे ज्यादा पैसे भी ले लिए जाते थे।
बरामदगी: मौके से विभिन्न कंपनियों के 17 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए (भारत पेट्रोलियम-5, हिंदुस्तान पेट्रोलियम-5 और इंडेन-7)।
जमाखोरों का जाल
यह कार्रवाई इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि केंद्र सरकार लगातार आश्वासन दे रही है कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। क्राइम ब्रांच की इस रेड ये दर्शा रही है कि इन जैसे 'जमाखोरों' की वजह से बाज़ार में किल्लत पैदा की जा रही है। आरोपी मोहन लाल ने चतुराई से घरेलू सिलेंडरों का अवैध स्टॉक जमा किया था ताकि संकट का फायदा उठाकर वो ज्यादा पैसा कमा सके।
पुलिस की FIR और सख्त संदेश
खाद्य आपूर्ति अधिकारी (FSO) हरजीत कौर को तुरंत मौके पर बुलाया गया और पूरी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी के खिलाफ डाबरी थाने में FIR No. 209/2026 दर्ज की गई है। आरोपी पर BNS की धारा 287/288 और आवश्यक वस्तु अधिनियम (Essential Commodities Act) की धारा 7 लगाई गई है।
Next Story

