
जज अमन शर्मा सुसाइड: पत्नी और आईएएस साली पर FIR, साजिश का लगा आरोप
दिल्ली पुलिस ने न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की मौत मामले में जज पत्नी स्वाति मलिक और आईएएस निधि मलिक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
Delhi Judicial Official Suicide Case : दिल्ली के कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर ली है। मृतक के पिता की शिकायत पर दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव थाने में यह मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पत्नी और आईएएस अधिकारी साली बनीं आरोपी
इस एफआईआर में जिन लोगों को नामजद किया गया है, वे सभी रसूखदार पदों पर तैनात हैं। पुलिस ने मृतक जज की पत्नी स्वाति मलिक को आरोपी बनाया है, जो तीस हजारी कोर्ट में जज हैं। साथ ही स्वाति की कजिन और जम्मू-कश्मीर में आईएएस अधिकारी निधि मलिक को भी आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा स्वाति मलिक के माता-पिता और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है।
बाथरूम में मिला था जज का शव
30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी अमन कुमार शर्मा दिल्ली लीगल सर्विसेज अथॉरिटी में सचिव के पद पर कार्यरत थे। शनिवार को दक्षिणी दिल्ली के ग्रीन पार्क स्थित उनके सरकारी आवास के बाथरूम में उनका शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला था। शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी, लेकिन परिजनों के आरोपों के बाद अब इस मामले में आपराधिक साजिश और प्रताड़ना का एंगल जुड़ गया है।
मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप
अमन शर्मा के परिजनों ने उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि अमन अपनी पत्नी स्वाति मलिक और साली निधि मलिक की ओर से दी जा रही मानसिक प्रताड़ना से बेहद परेशान थे। पिता का आरोप है कि इसी प्रताड़ना और दबाव के चलते उनके बेटे ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस की आगे की कार्रवाई
सफदरजंग एन्क्लेव थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस अब घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का मिलान करेगी। रसूखदार आरोपियों के नाम सामने आने के बाद दिल्ली पुलिस पर इस मामले को पारदर्शी तरीके से सुलझाने का भारी दबाव है।
Next Story

