नीट की छात्रा की संदिग्ध मौत, बिना पुलिस को बताए चिता तक पहुँचाया शव
x
एआई द्वारा तैयार की गयी इमेज 

नीट की छात्रा की संदिग्ध मौत, बिना पुलिस को बताए चिता तक पहुँचाया शव

दिल्ली के आदर्श नगर में 20 साल की छात्रा की मौत के बाद परिजनों ने बिना पुलिस को बताए अंतिम संस्कार की कोशिश की। मामा का दावा है कि छात्रा नीट की तैयारी कर रही थी।


NEET Student Suspicious Death : उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 20 साल की एक युवती अपने घर में मृत पाई गई। इस घटना ने तब रहस्यमयी मोड़ ले लिया जब परिवार वाले बिना पुलिस को सूचना दिए शव को श्मशान घाट ले गए। पुलिस को जैसे ही इसकी खबर मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को अपने कब्जे में लिया। युवती के मामा ने बताया कि वह नीट (NEET) परीक्षा की तैयारी में जुटी थी। हालांकि माता-पिता ने इस बारे में कोई जानकारी साझा नहीं की है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में मामला ख़ुदकुशी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ये भी जांच कर रही है कि क्या युवती ने नीट परीक्षा दी थी या वो अभी तयारी कर रही थी?


श्मशान घाट पर पहुँची पुलिस
यह पूरी घटना 14 मई 2026 की है। पुलिस को एक पीसीआर कॉल के जरिए सूचना मिली थी। कॉल में बताया गया कि केवल पार्क श्मशान घाट में एक युवती का शव लाया गया है, जिसकी मौत अप्राकृतिक लग रही है। आदर्श नगर थाना पुलिस बिना देरी किए श्मशान घाट पहुँच गई। मृतका की पहचान आजादपुर के लाल बाग निवासी अंशिका पांडे के रूप में हुई। पुलिस ने चिता पर ले जाने से पहले ही शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ शुरू की।

परिजनों ने दी ये दलील
शुरुआती पूछताछ में परिवार ने बताया कि अंशिका ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। परिजनों का दावा है कि वे कानूनी नियमों से अनजान थे। वे घबराहट में शव को लेकर श्मशान घाट पहुँच गए। पुलिस अब इस दलील की सत्यता की जाँच कर रही है। घर के अन्य सदस्यों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या कोई बात छुपाई जा रही है।

एक्सपर्ट टीम ने की जाँच
पुलिस ने अंशिका के शव को बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। क्राइम टीम और एफएसएल (FSL) के विशेषज्ञों ने घर का दौरा किया है। उन्होंने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मामा के दावे के बाद पुलिस NEET परीक्षा पेपर लीक के चलते युवती के अवसाद में आने वाले एंगल को भी ध्यान में रख कर जांच कर रही है। मृतका के कमरे की भी बारीकी से तलाशी ली गई है।

जांच के घेरे में मामला
आदर्श नगर पुलिस ने कानून के मुताबिक मामला दर्ज कर लिया है। सुसाइड नोट का न मिलना पुलिस के लिए एक गुत्थी बना हुआ है। पुलिस मृतका के फोन और सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाल रही है। आसपास के लोगों से भी अंशिका के व्यवहार के बारे में पूछा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इसके बाद ही मामले में आगे की कार्यवाही की जाएगी।


Read More
Next Story