
दिल्ली पुलिस-हरियाणा STF का बड़ा एक्शन: मुठभेड़ में बिश्नोई गैंग के 2 ढेर
Delhi Special Cell Haryana STF Encounter 2026: बहादुरगढ़ में मुठभेड़ के दौरान हांसी जिम संचालक कपिल हत्याकांड के मुख्य शूटर परवेश और हिमांशु मारे गए।
Lawrence Bishnoi Gang Encounter: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा एसटीएफ (STF) के एक बड़े संयुक्त ऑपरेशन में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हरियाणा के हांसी में हुए चर्चित जिम संचालक कपिल हत्याकांड के दो मुख्य शूटरों को पुलिस ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। मारे गए दोनों बदमाशों की पहचान परवेश और हिमांशु के रूप में हुई है, जिन पर सरकार की ओर से 1-1 लाख रुपये (कुल 2 लाख रुपये) का इनाम घोषित था।
#WATCH बहादुरगढ़, हरियाणा: पुलिस अधीक्षक विक्रांत भूषण ने कहा, "पिछले महीने हांसी में दो अज्ञात व्यक्ति द्वारा एक कपिल नामक व्यक्ति की हत्या की गई थी। हांसी में कपिल जिम ऑपरेट करता था। इस संबंध में हांसी में मुकदमा दर्ज हुआ। जांच में पता लगा कि वो वारदात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो… https://t.co/NfOfPumBjY pic.twitter.com/pxgNETnVoz
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 4, 2026
बहादुरगढ़ में बड़ी वारदात की फिराक में थे बदमाश
हरियाणा एसटीएफ के मुताबिक, खुफिया एजेंसियों से एक पुख्ता इनपुट मिला था कि कपिल हत्याकांड के मुख्य आरोपी अत्याधुनिक हथियारों से लैस होकर बहादुरगढ़ इलाके में मौजूद हैं। वे किसी बड़ी और सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे।
इस खुफिया जानकारी के आधार पर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और हरियाणा STF ने तुरंत एक रणनीति बनाई और इलाके में संयुक्त घेराबंदी की।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुए ढेर
एसटीएफ (STF) के एसपी विक्रांत भूषण ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीमों ने जब संदिग्धों को घेरकर उन्हें आत्मसमर्पण करने और रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर सीधे अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई इस मुठभेड़ में दोनों इनामी बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी बाद में मौत हो गई।
पिछले महीने हांसी में की थी जिम संचालक की हत्या
एसपी विक्रांत भूषण के मुताबिक, मारे गए दोनों शूटर परवेश और हिमांशु पिछले महीने हांसी में हुए चर्चित जिम संचालक कपिल की हत्या के मुख्य आरोपी थे। इस हत्याकांड के बाद से ही दोनों फरार चल रहे थे और पुलिस लगातार इनकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस टीम ने मौके से बदमाशों के अत्याधुनिक हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस और हरियाणा एसटीएफ इस बात की भी जांच कर रही है कि फरारी के दौरान इन्हें किन-किन गैंगस्टर्स या स्थानीय अपराधियों ने पनाह दी थी और बहादुरगढ़ में इनका अगला निशाना कौन था। मामले की आगे की कानूनी तफ्तीश जारी है।
Next Story

