
डिजिटल दानव: प्रवचन के पाखंड से अश्लील हरकत तक, पुजारी गिरफ्तार
इंस्टाग्राम पर दोस्ती ठुकराने पर पुजारी ने अपनाया घिनौना रास्ता, एआई टूल्स से मॉर्फ्ड अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर की वायरल।
CyberFraud: दिल्ली में रहने वाले 27 वर्षीय एक पुजारी को अहमदाबाद साइबर क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। पुजारी का नाम सुमित नेमचंद शर्मा है, जिस पर आरोप है कि उसने एक महिला और उसकी मां की मॉर्फ्ड अश्लील तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल की थीं। यह मामला तब शुरू हुआ जब पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर आरोपी की दोस्ती का प्रस्ताव ठुकरा दिया था। आरोपी सोशल मीडिया पर धार्मिक प्रवचन देने का काम करता था, जिसकी आड़ में वह महिलाओं को निशाना बनाता था। यह गिरफ्तारी अहमदाबाद पुलिस के 'मिशन साइबर रक्षिका: #SecureHerSpace' अभियान के तहत की गई है, जो महिलाओं को ऑनलाइन उत्पीड़न से बचाने के लिए चलाया जा रहा है।
दोस्ती से इनकार बना अपराध की वजह
पुलिस जांच के अनुसार, गुजरात की रहने वाली पीड़िता की मुलाकात इंस्टाग्राम पर सुमित नेमचंद शर्मा से हुई थी। शुरुआत में आरोपी ने धार्मिक विषयों पर बातचीत शुरू की, लेकिन धीरे-धीरे वह व्यक्तिगत दोस्ती का दबाव बनाने लगा। पीड़िता द्वारा बार-बार मना करने के बावजूद, उसने उसका ओन लाइन पीछा करना ( साइबर स्टाल्किंग) नहीं छोड़ा। दिसंबर 2025 से अप्रैल 2026 तक आरोपी ने इंटरनेट के जरिए पीड़िता को प्रताड़ित करना जारी रखा।
एआई टूल्स का हुआ गलत इस्तेमाल
पीड़िता के इनकार से बौखलाकर सुमित ने एक बेहद घिनौना रास्ता चुना। उसने इंस्टाग्राम से पीड़िता और उसकी मां की तस्वीरें डाउनलोड कीं। गूगल पर 'एआई रिमूव क्लोथ्स' (AI Remove Clothes) जैसे टूल्स सर्च कर उसने उन तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की। उसने एआई तकनीक का उपयोग करके 100 से अधिक अश्लील और मॉर्फ्ड तस्वीरें व वीडियो तैयार किए। आरोपी ने पीड़िता के नाम और फोटो का इस्तेमाल कर तीन फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट और एक यूट्यूब चैनल भी बनाया। उसने इन प्लेटफार्मों पर अश्लील सामग्री अपलोड की और पीड़िता व उसके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए भद्दे कमेंट्स किए।
डिजिटल ट्रैकिंग से पकड़ा गया आरोपी
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए अहमदाबाद साइबर क्राइम टीम में शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर एम.एच. भेतारिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डिजिटल फुटप्रिंट्स और मानवीय खुफिया जानकारी का उपयोग किया। पुलिस ने आरोपी को उत्तर-पूर्वी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके से ट्रैक किया और छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान पता चला कि उसने कुल आठ से दस फर्जी अकाउंट्स बनाए थे, जिनमें एक्स (X), फेसबुक और इंस्टाग्राम शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की सख्त धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसने और कितनी महिलाओं को अपना शिकार बनाया है।
Next Story

