उत्तराखंड में गुरुग्राम की आईटी प्रोफेशनल की संदिग्ध मौत, पति हिरासत में
x

उत्तराखंड में गुरुग्राम की आईटी प्रोफेशनल की संदिग्ध मौत, पति हिरासत में

उत्तराखंड के होमस्टे में गुरुग्राम की आईटी प्रोफेशनल राधा गायत्री की संदिग्ध मौत, फर्श पर नग्न मिला शव, डॉक्टरों के पैनल से होगा पोस्टमार्टम।


Gurugram's Lady mysterious Death in Uttrakhand: उत्तराखंड के मसूरी-धनोल्टी रोड पर स्थित एक होमस्टे में सोमवार (15 जून) तड़के गुरुग्राम की एक 27 वर्षीय महिला आईटी प्रोफेशनल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान पी राधा गायत्री के रूप में हुई है, जो दिल्ली के किदवई नगर ईस्ट में रहती थी और गुरुग्राम की एक फर्म में काम करती थी। पुलिस के मुताबिक, गायत्री अपने पति सौम्य श्रीचरण के साथ छुट्टियां मनाने आई थी, जो खुद पुणे में एक आईटी कर्मचारी हैं। दोनों मूल रूप से विशाखापट्टनम के रहने वाले हैं और उनका विवाह 8 नवंबर 2025 को हुआ था।


पति का बयान और पुलिस की तफ्तीश
14 घंटे के सफर के बाद रात में पी थी शराब
पुलिस को दिए बयान में पति सौम्य श्रीचरण ने बताया कि वे शनिवार (13 जून) को दिल्ली से ऋषिकेश के लिए निकले थे और रविवार देर रात तिपरीधार के 'कियाना होमस्टे' पहुंचे। रात करीब 11:30 बजे उन्होंने 'ब्लिस' नाम के कमरे में चेक-इन किया। श्रीचरण का दावा है कि दोनों ने रात में शराब पी और सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे सो गए। पति के अनुसार, जब सुबह उसकी आंख खुली तो उसने गायत्री को फर्श पर बिना कपड़ों के अचेत अवस्था में पाया, उसकी नाक से खून बह रहा था।

कमरे का मंजर और फॉरेंसिक साक्ष्य
बेडशीट पर मिले खून के धब्बे, दो खाली बोतलें बरामद
घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जहां फार्मासिस्ट ने गायत्री को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, "महिला का शव कमरे के फर्श पर नग्न अवस्था में था और बेडशीट पर खून के धब्बे पाए गए हैं।" पुलिस ने मौके से शराब की दो खाली बोतलें और खाने-पीने का कुछ सामान बरामद किया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है कि यह अत्यधिक शराब के सेवन का मामला है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

डॉक्टरों के पैनल से होगा पोस्टमार्टम
विशाखापट्टनम से माता-पिता के आने का इंतजार
पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सर्कल ऑफिसर (CO) मनोज असवाल ने समाचार एजेंसी पीटीआई (PTI) को बताया कि मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए डॉक्टरों के एक विशेष पैनल से वीडियोग्राफी (कैमरे की निगरानी) के तहत पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया गया है। मृतका के माता-पिता को सूचित कर दिया गया है, जो मंगलवार देर रात तक विशाखापट्टनम से देहरादून पहुंचेंगे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)


Read More
Next Story