होटल मालिक लवकेश बजाज का क्राइम सिंडिकेट; पहले भी हो चुका है अरेस्ट
x

होटल मालिक लवकेश बजाज का 'क्राइम सिंडिकेट'; पहले भी हो चुका है अरेस्ट

मालवीय नगर अग्निकांड के मुख्य आरोपी का बांग्लादेशी घुसपैठ कनेक्शन आया सामने; फर्जी दस्तावेजों पर भारत में बसाने का आरोप। 4 दिन की पुलिस रिमांड पर बजाज।


Click the Play button to hear this message in audio format

Malviya Nagar Fire Incident : मालवीय नगर के 'फ्लरिश स्टेस बीएंडबी' होटल में हुए भीषण अग्निकांड मामले में शुक्रवार, 5 जून को दिल्ली पुलिस की जांच में एक ऐसा सनसनखेज खुलासा हुआ है जिसने इस पूरे हादसे को एक बड़े आपराधिक सिंडिकेट से जोड़ दिया है। होटल का गिरफ्तार मालिक लवकेश बजाज सिर्फ नियमों की अनदेखी करने वाला एक लापरवाह कारोबारी नहीं है, बल्कि वह भारत में बांग्लादेशी नागरिकों के अवैध रूप से रहने और फर्जी भारतीय दस्तावेज तैयार कराने के एक अंतरराष्ट्रीय रैकेट का पुराना आरोपी भी है।


दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि लवकेश बजाज को पिछले साल (29 जनवरी 2025) सेंट्रल दिल्ली के पहाड़गंज थाने में दर्ज एक गंभीर मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। उस पर आरोप था कि उसने मोटी रकम लेकर बांग्लादेशी नागरिकों को दिल्ली में अवैध रूप से छुपाने और धोखाधड़ी के जरिए उनके भारतीय पहचान पत्र बनवाने में मदद की थी।

छतरपुर एन्क्लेव के पते पर बने थे फर्जी पासपोर्ट और आधार; पैसों के लिए देश की सुरक्षा से खिलवाड़
पहाड़गंज पुलिस की चार्जशीट और ताजा जांच के मुताबिक, जनवरी 2025 में पुलिस ने पहाड़गंज के एक मकान में अवैध रूप से रह रहे दो बांग्लादेशी नागरिकों को दबोचा था:

आरोपियों की पहचान: पकड़े गए लोगों में स्वीटी सरकार (उर्फ ब्यूटी हावलादार उर्फ जोहरा खातून) और उसकी बेटी पुष्पो सरकार (उर्फ पुष्पो हावलादर उर्फ पुस्पो सैयदा अख्तर) के साथ उसका एक नाबालिग बेटा शामिल था। ये लोग भारत के जाली दस्तावेजों के सहारे दिल्ली में रह रहे थे।

बजाज की प्रॉपर्टी का इस्तेमाल: जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी स्वीटी सरकार ने जो भारतीय पासपोर्ट बनवाया था, उसमें दक्षिण दिल्ली के छतरपुर एन्क्लेव का एक पता दर्ज था। जब पुलिस ने उस पते का वेरिफिकेशन किया, तो पता चला कि वह संपत्ति किसी और की नहीं बल्कि इसी लवकेश बजाज की थी।

जुर्म का कबूलनामा: वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उस वक्त पूछताछ के दौरान लवकेश बजाज ने अपना जुर्म कबूल करते हुए माना था कि उसने मोटी रकम के बदले इन बांग्लादेशी घुसपैठियों को जानबूझकर अपने आवासीय पते का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी, ताकि उनके भारतीय पासपोर्ट व अन्य पहचान पत्र बन सकें और वे आसानी से देश में रह सकें। पुलिस इस मामले में तीनों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है।

4 दिन की पुलिस कस्टडी में बजाज; एकाउंटेंट और मैनेजर की तलाश में जुटी पुलिस
बुधवार शाम को होटल में लगी आग के बाद भागते वक्त गिरफ्तार किए गए लवकेश बजाज को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।

जांचकर्ता अब बजाज को कस्टडी में लेकर इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रहे हैं कि क्या होटल 'फ्लरिश स्टेस' का इस्तेमाल भी किसी अवांछित या अवैध गतिविधियों के लिए तो नहीं किया जा रहा था? इसके साथ ही पुलिस इस अवैध होटल के कामकाज से जुड़े अन्य लोगों, वहां काम करने वाले कर्मचारियों और इसके मैनेजमेंट से जुड़े कड़ियों को खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि इस समय होटल के मुख्य एकाउंटेंट और मैनेजर को ढूंढने के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है ताकि उनसे पूछताछ कर इस अग्निकांड और बजाज के अन्य काले कारनामों का पूरा चिट्ठा खोला जा सके।


Read More
Next Story