
कानपुर में सनसनीखेज वारदात: पिता ने दो जुड़वां बेटियों की गला काटकर की हत्या
कानपुर के नौबस्ता में पिता अभिरंजन मिश्रा ने अपनी 11 साल की बेटियों रिद्धि-सिद्धि की हत्या की। डिप्रेशन और पारिवारिक कलह को बताया जा रहा है मुख्य कारण।
Twin Daughters Murder Kanpur : उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक पिता के सिर पर खून इस कदर सवार हुआ कि उसने अपनी ही दो मासूम जुड़वां बेटियों की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी। जिस समय इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया, आरोपी की पत्नी अपने बेटे के साथ दूसरे कमरे में सो रही थी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।
रिद्धि और सिद्धि की बेरहमी से हत्या
यह जघन्य अपराध नौबस्ता थाना क्षेत्र के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुआ। जानकारी के अनुसार, यहाँ रहने वाला अभिरंजन मिश्रा अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता था। शनिवार रात को खाना खाने के बाद अभिरंजन अपनी 11 साल की दो जुड़वां बेटियों, रिद्धि और सिद्धि, के साथ एक कमरे में सोने चला गया। रात के किसी पहर में उसने धारदार हथियार से दोनों बच्चियों का गला रेत दिया।
कमरे में फैला था खून, पुलिस भी रह गई दंग
घटना की सूचना पुलिस को रविवार सुबह करीब 4:30 बजे मिली। जब नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुँची, तो अपार्टमेंट के अंदर का नजारा देखकर अधिकारियों के भी होश उड़ गए। पूरे कमरे में खून फैला हुआ था और दोनों मासूम बच्चियों के शव बिस्तर पर पड़े थे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
पारिवारिक कलह और डिप्रेशन बना वजह?
डीसीपी दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी अभिरंजन मिश्रा पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (MR) है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह लंबे समय से पारिवारिक कलह के कारण तनाव और डिप्रेशन में चल रहा था। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी अपनी पत्नी और बेटे को भी निशाना बनाना चाहता था, जो दूसरे कमरे में सोने की वजह से बच गए।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर किस चरम बिंदु पर पहुँचकर एक पिता ने अपनी ही संतानों की जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।

