
मुंबई: बदलापुर के पास 250 की रफ्तार से डिवाइडर से टकराई BMW, 2 की मौत
मुंबई-वडोदरा हाईवे पर बदलापुर के पास भीषण कार हादसा। 250 किमी/घंटे की रफ्तार से डिवाइडर से टकराई BMW Z4। योगेश दिघे और रिकाबा की मौत, आनंद गंभीर घायल।
BMW Crash at Mumbai Vadodara Highway: मुंबई के बदलापुर इलाके में मुंबई-वडोदरा हाईवे पर रविवार तड़के एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार लग्जरी बीएमडब्ल्यू (BMW) कार अनियंत्रित होकर हाईवे के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसके पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
3 बजे का काल: 250 की रफ्तार और बर्थडे पार्टी से वापसी
पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, यह हादसा रविवार तड़के करीब 3:00 बजे हुआ।
बर्थडे पार्टी से लौट रहे थे दोस्त: कार में सवार लोग टिटवाला से एक बर्थडे पार्टी मनाकर बदलापुर की तरफ लौट रहे थे।
रफ्तार का ओवरडोज: बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त इस हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स कार (BMW Z4) की रफ्तार करीब 250 किलोमीटर प्रति घंटा थी। इतनी तेज रफ्तार होने के कारण चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे डिवाइडर पर चढ़कर कई बार पलट गई।
चश्मदीदों का दावा: कई मीटर दूर जाकर गिरे शव
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सीडेंट इतना भयावह था कि कार सवारों के शरीर के अंग घटनास्थल से कई मीटर दूर तक जाकर बिखरे मिले। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बदलापुर के रहने वाले योगेश दिघे और रिकाबा जाकाप के रूप में हुई है, जिन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, कार में मौजूद तीसरे शख्स आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें आनन-फानन में ठाणे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
शराब के एंगल से भी जांच कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही बदलापुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर साक्ष्य और सबूत जुटाए हैं, जबकि दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
बदलापुर थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) ने पीटीआई (PTI) को बताया कि फिलहाल आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस इस बात की भी गहनता से तफ्तीश कर रही है कि क्या दुर्घटना के वक्त चालक शराब के नशे में था या नहीं।
Next Story

