
पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई करने वाले गोल्ड मेडलिस्ट की हत्या
गाजियाबाद में नेशनल पैरा-एथलीट चिराग त्यागी की गोली मारकर हत्या। 5 साल तक साथ रहने वाले साथी खिलाड़ी यश खटिक ने ही रंजिश में पीठ में मारी गोली, गिरफ्तार।
Para Athlete Murdered In Ghaziabad: बेंगलुरु में आयोजित नेशनल पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल जीतने वाले और जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालिफाई करने वाले 24 वर्षीय होनहार एथलीट चिराग त्यागी की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। वारदात शनिवार (30 मई 2026) को गाजियाबाद के साई कुंज इलाके में अंजाम दी गयी, जहाँ चिराग को गोली मार दी गई। दिल दहला देने वाली बात यह है कि इस हत्या का आरोप किसी और पर नहीं, बल्कि चिराग के उस साथी खिलाड़ी पर लगा है जिसके साथ उन्होंने करीब एक दशक तक ट्रेनिंग की थी और जिसे वह अपना बेहद करीबी दोस्त मानते थे।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, 5 साल तक रूम शेयर करने वाला साथी ही निकला कातिल
घटना की सूचना मिलने के बाद हरकत में आई गाजियाबाद पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो शक की सुई चिराग के ही साथी पैरा-एथलीट यश खटिक पर जाकर टिकी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यश खटिक को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, चिराग और यश दोनों 'ब्लाइंड' (दृष्टिबाधित) कैटेगरी में एक साथ कंपीट करते थे। दोनों ने पिछले पांच सालों तक एक ही कमरा शेयर किया था और साथ में कड़ा अभ्यास करते थे। चिराग अपने इस साथी पर इतना भरोसा करते थे कि उन्होंने अपने पर्सनल अकाउंट डिटेल्स भी यश के साथ शेयर कर रखी थी।
'प्रोफेशनल रंजिश' बनी कत्ल की वजह, पीठ में मारी गोली
डीसीपी (सिटी) धवल जायसवाल ने रविवार (31 मई 2026) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि चिराग त्यागी की हत्या के पीछे 'प्रोफेशनल रंजिश' मुख्य वजह थी। पूछताछ में सामने आया कि कुछ समय पहले एक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन प्रोसेस (दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया) के दौरान चिराग त्यागी ने यश खटिक के खिलाफ एक शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत की वजह से यश खटिक को प्रतियोगिता से अयोग्य घोषित कर दिया गया था।
इसी कड़वाहट और बदले की आग में जल रहे यश खटिक ने चिराग को रास्ते से हटाने की साजिश रची। 30 मई को यश ने चिराग को बहला-फुसलाकर एक सुनसान जगह पर बुलाया और मौका पाकर उसकी पीठ में गोली मारकर हत्या कर दी।
अंतिम फोन कॉल के बाद बंद हो गया था मोबाइल
मुरादनगर के बसंतपुर सेथली गांव के रहने वाले चिराग त्यागी पिछले कुछ समय से पुणे में चल रहे ट्रेनिंग कैंप में हिस्सा ले रहे थे। शनिवार सुबह ही उन्होंने पुणे से लौटने के बाद अपने परिवार को फोन किया था और कहा था कि वह दोपहर करीब 3:30 बजे तक घर पहुंच जाएंगे। लेकिन इस कॉल के कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। परेशान परिवार को दोपहर बाद पुलिस के जरिए चिराग की मौत की खौफनाक खबर मिली।
पुलिस ने आरोपी यश खटिक को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी धवल जायसवाल के मुताबिक, पुलिस की टीमें वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल को बरामद करने का प्रयास कर रही हैं। साथ ही इस बात की भी गहन जांच की जा रही है कि इस हत्याकांड में क्या यश के साथ कोई और भी मददगार शामिल था। फिलहाल पुलिस को चिराग की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
Next Story

