सिया ने बताई खौफनाक सच्चाई, पुलिस के सामने कबूल किया जुर्म
x

सिया ने बताई खौफनाक सच्चाई, पुलिस के सामने कबूल किया जुर्म

पुणे के पिंपरी-चिंचवड़ के बड़े कंस्ट्रक्शन बिजनेसमैन के 26 वर्षीय बेटे केतन अग्रवाल की मौत कोई हादसा नहीं, बल्कि ठंडे दिमाग से की गई हत्या थी। केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर उसे लोहागढ़ किले की 400 फीट गहरी खाई से धक्का दे दिया था।


महाराष्ट्र के पुणे से एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जिसने रिश्तों, भरोसे और मोहब्बत को तार-तार कर दिया है। पुणे के प्रसिद्ध लोहागढ़ किले से 400 फीट गहरी खाई में गिरने के कारण हुई 26 वर्षीय केतन अग्रवाल की मौत कोई हादसा नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी क्रूर हत्या थी। इस मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। केतन की मंगेतर और मुख्य आरोपी सिया गोयल ने पुलिस की पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इसके साथ ही, सिया के बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी ने भी पुलिस के सामने माना है कि वह इस पूरे हत्याकांड की साजिश में बराबर का हिस्सेदार था।

शादी नहीं करना चाहती थी सिया, प्रेमी के साथ मिलकर रचा चक्रव्यूह

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की कड़ी पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि सिया गोयल अपने मंगेतर केतन से शादी नहीं करना चाहती थी। केतन महाराष्ट्र के पुणे के पास पिंपरी-चिंचवड़ के एक जाने-माने और बड़े कंस्ट्रक्शन बिजनेसमैन विशाल अग्रवाल का बेटा था। महज 26 साल की उम्र में केतन अपनी जिंदगी में काफी सफल था। इसी साल फरवरी के महीने में दोनों की सगाई बेहद धूमधाम से हुई थी। केतन के चचेरे मामा नरेंद्र मित्तल ने दूर की रिश्तेदारी में ही सिया गोयल से केतन का रिश्ता तय करवाया था। केतन इस शादी से और सिया के साथ बेहद खुश था। दोनों की सगाई और जन्मदिन के कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें केतन बेहद खुश नजर आ रहा है।

लेकिन केतन को जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस मंगेतर के साथ वह जिंदगी बिताने के सपने देख रहा था, वह पिछले तीन साल से चेतन चौधरी नाम के लड़के के साथ प्रेम संबंध में थी। सिया और चेतन ने पुलिस को बताया कि अगर केतन और सिया की शादी हो जाती, तो उनके अवैध संबंध आगे नहीं बढ़ पाते। इसी वजह से दोनों ने केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने का फैसला किया और लोहागढ़ किले में ट्रैकिंग के बहाने उसे 400 फीट ऊंची खाई से नीचे धक्का दे दिया।

केतन को पहले से था अनहोनी का शक

हैरान करने वाली बात यह है कि केतन अक्सर सिया को लेकर थोड़ा चिंतित रहता था। वह सगाई के बाद कई बार अपने पिता विशाल अग्रवाल से पूछता था कि क्या उन्होंने सिया का बैकग्राउंड सही तरीके से चेक किया है? चूंकि यह शादी परिवार के सगे मामा ने तय करवाई थी, इसलिए पिता को किसी भी तरह का कोई शक नहीं हुआ और उन्होंने बात टाल दी।

इंस्टाग्राम पर मगरमच्छ के आंसू और बहन का शक

हत्याकांड को अंजाम देने के बाद शातिर सिया गोयल ने पुलिस और परिवार को गुमराह करने के लिए इंस्टाग्राम पर एक भावुक स्टोरी लगाई। उसने लिखा, "तुम मुझे छोड़कर क्यों चले गए, जबकि मैं तुमसे इतना ज्यादा प्यार करती थी?" शुरुआती दिनों में इस पोस्ट के कारण केतन के परिवार ने इसे महज एक दर्दनाक हादसा माना। लेकिन अंतिम संस्कार के बाद जब सिया केतन के घर पहुंची, तो वहां केतन की बहन ने उससे हादसे को लेकर कुछ तीखे सवाल किए। सवालों के जवाब देते समय सिया बुरी तरह फंस गई और हड़बड़ाने लगी।

बहन को सिया के हाव-भाव और जवाबों पर गहरा शक हुआ, जिसके बाद उसने तुरंत अपने पिता और परिवार को सतर्क किया। परिवार की शिकायत पर जब पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की और सिया का मोबाइल फोन, व्हाट्सएप डेटा और कॉल रिकॉर्ड खंगाले, तो सच सामने आ गया। पुलिस ने पाया कि सिया और चेतन पिछले कई सालों से लगातार संपर्क में थे और घटना के दिन भी चेतन वहीं मौजूद था। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और कोर्ट में पेश किए जा रहे हैं।


Read More
Next Story