ट्विशा केस: जबलपुर कोर्ट ने नहीं स्वीकार किया समर्थ का सरेंडर, कहा भोपाल जाओ
x

ट्विशा केस: जबलपुर कोर्ट ने नहीं स्वीकार किया समर्थ का सरेंडर, कहा भोपाल जाओ

जबलपुर कोर्ट ने आरोपी पति समर्थ सिंह को भोपाल में सरेंडर करने के दिए निर्देश. मां गिरिबाला सिंह का वकील ने छोड़ा साथ, हाई कोर्ट ने दिए दिल्ली एम्स से दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश.


Twisha Sharma Case: ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को एक साथ कई बड़े और चौंकाने वाले घटनाक्रम सामने आए हैं. 12 मई की रात से लगातार फरार चल रहा मुख्य आरोपी पति समर्थ सिंह शुक्रवार को अचानक जबलपुर जिला अदालत के कोर्ट रूम में सरेंडर करने पहुंच गया. आपको बता दें कि पुलिस ने समर्थ सिंह की गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था और उसके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी हो चुका था.


भोपाल जाने का मिला निर्देश
अदालत के भीतर समर्थ सिंह का यह सरेंडर प्लान कामयाब नहीं हो सका. जबलपुर जिला कोर्ट के जज ने समर्थ सिंह की अर्जी पर सुनवाई करते हुए उसे भोपाल कोर्ट में ही सरेंडर करने के कड़े निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही समर्थ सिंह ने हाईकोर्ट में लगाई अपनी अग्रिम जमानत याचिका को भी वापस ले लिया है. अब समर्थ सिंह को भोपाल की अदालत के सामने ही आत्मसमर्पण करना होगा.

पुलिस करेगी पूछताछ
समर्थ सिंह के भोपाल में सरेंडर करने के बाद वहां की कटारा हिल्स थाना पुलिस उसे अपनी रिमांड पर लेगी. पुलिस इस हाई प्रोफाइल मामले को लेकर समर्थ से लंबी पूछताछ करने की तैयारी में है. कानूनी जानकारों का मानना है कि मुख्य आरोपी पति की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद इस पूरे सुसाइड मिस्ट्री केस में कई बेहद चौंकाने वाले और नए राज सामने आ सकते हैं.

पूर्व जज मां को बड़ा झटका
एक तरफ बेटा कोर्ट के चक्कर काट रहा है, तो दूसरी तरफ मामले की सह-आरोपी और समर्थ की मां गिरिबाला सिंह को भी बहुत बड़ा कानूनी झटका लगा है. शुक्रवार को इस केस में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब गिरिबाला सिंह के मुख्य वकील इनोश जॉर्ज कार्लो ने अचानक इस केस से अपने पैर पीछे खींच लिए. उन्होंने ऐन वक्त पर गिरिबाला सिंह का केस लड़ने से साफ मना कर दिया है.

हाई कोर्ट का ऐतिहासिक आदेश
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा फैसला मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की तरफ से आया है. नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग को निचली अदालत ने खारिज कर दिया था. लेकिन हाई कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले को पलटते हुए ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम (पीएम) कराने का एक बेहद महत्वपूर्ण और बड़ा आदेश जारी किया है.

एम्स के डॉक्टर करेंगे जांच
ट्विशा का परिवार शुरुआत से ही आरोप लगा रहा है कि यह साधारण आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या की एक गहरी साजिश है. परिवार की इसी गुहार पर सुनवाई करते हुए हाई कोर्ट के जस्टिस अवनिंद्र कुमार सिंह ने ऐतिहासिक निर्देश दिए हैं. कोर्ट ने कहा कि ट्विशा के शव का दूसरा पोस्टमॉर्टम देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थान दिल्ली एम्स (AIIMS) के डॉक्टरों की एक विशेष टीम करेगी.

स्पेशल फ्लाइट से आएगी टीम
हाई कोर्ट ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए साफ निर्देश दिया है कि डॉक्टरों की इस स्पेशल टीम को दिल्ली से विशेष विमान (स्पेशल फ्लाइट) के जरिए भोपाल लाया जाएगा. डॉक्टरों की यह टीम भोपाल पहुंचकर पूरी निष्पक्षता के साथ शव की दोबारा फॉरेंसिक जांच करेगी. पोस्टमॉर्टम की इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी ताकि कोई सच छिप न सके.

सुसाइड से पहले ब्यूटी पार्लर में थीं ट्विशा
इन कानूनी फैसलों के बीच जांच के मोर्चे पर भी एक ऐसा खुलासा हुआ है जिसने पूरी थ्योरी को उलझा दिया है. मौत से ठीक कुछ घंटे पहले का एक एक्सक्लूसिव सीसीटीवी (CCTV) फुटेज पुलिस के हाथ लगा है. इस फुटेज में ट्विशा भोपाल के 'एक्सप्रेशन ब्यूटी पार्लर' के अंदर नजर आ रही हैं. जांच में साफ हुआ है कि दम तोड़ने से ठीक पहले ट्विशा ने वहां करीब 3 घंटे का लंबा वक्त बिताया था.

हेड मसाज लेते दिखीं ट्विशा
इस एक्सक्लूसिव सीसीटीवी फुटेज में जो दिख रहा है, उसने सबको हैरान कर दिया है. फुटेज में ट्विशा बेहद शांत और सामान्य नजर आ रही हैं. वे पार्लर के भीतर खुद को रिलैक्स करने की कोशिश कर रही थीं. वे वहां एक टेबल के ऊपर आराम से पैर रखकर बैठी थीं और काफी नॉर्मल तरीके से हेड मसाज (सिर की मालिश) करवा रही थीं. उनके चेहरे पर कोई तनाव नहीं दिख रहा था.

सुसाइड मिस्ट्री में उलझी पुलिस
सुसाइड के ठीक पहले के इस 3 घंटे के फुटेज ने अब पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के सामने कई बड़े और पेचीदा सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि जो लड़की कुछ ही घंटों बाद इतना आत्मघाती कदम उठाने वाली हो, वो पार्लर में इतनी शांत और सामान्य कैसे रह सकती है. फिलहाल यह सीसीटीवी फुटेज इस मौत की मिस्ट्री को सुलझाने में सबसे बड़ी और अहम कड़ी बन गया है.


Read More
Next Story