
बिहार कैबिनेट विस्तार आज: गांधी मैदान में शपथ ग्रहण, पीएम मोदी रहेंगे मौजूद
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का विस्तार आज दोपहर 12:10 बजे गांधी मैदान में होगा। पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में नए मंत्री पद की शपथ लेंगे।
Bihar Cabinet Expansion : बिहार के नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल का बहुप्रतीक्षित विस्तार आज गुरुवार को होने जा रहा है। इस ऐतिहासिक समारोह के लिए पटना के गांधी मैदान में भव्य तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दोपहर 12:10 बजे राज्यपाल नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। बिहार में पहली बार भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के इस बड़े विस्तार पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री भी होंगे शामिल
इस शपथ ग्रहण समारोह की खास बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी है। पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव नतीजों के बाद पीएम मोदी पहली बार बिहार पहुंच रहे हैं। उनके साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगे। पूरे पटना शहर को 'विकसित भारत, विकसित बिहार' के पोस्टर और बैनरों से पाट दिया गया है।
लोक भवन से संभावित मंत्रियों को आए फोन
मंत्रिमंडल विस्तार से ठीक पहले लोक भवन से उन नेताओं को फोन जाने शुरू हो गए हैं, जिन्हें कैबिनेट में जगह दी जा रही है। संभावित मंत्रियों की सूची में भाजपा और जदयू के कई दिग्गज नाम शामिल हैं। लखविंदर पासवान, दिलीप जायसवाल, विजय सिन्हा, और नीतीश मिश्रा जैसे नेताओं को फोन कॉल मिलने की खबर है। इन सभी को दोपहर तक गांधी मैदान पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
इन दिग्गजों के नाम रेस में सबसे आगे
शपथ लेने वाले संभावित मंत्रियों में प्रमोद चंद्रवंशी, संजय टाइगर, सरवन कुमार, केदार गुप्ता और मिथिलेश तिवारी के नाम शामिल हैं। इनके अलावा रामा निषाद, मदन साहनी, भगवान सिंह कुशवाहा, दामोदर रावत और रामकृपाल यादव को भी फोन जाने की सूचना है। इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र भी मंत्री पद की दौड़ में शामिल बताए जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, क्षेत्रीय और जातीय समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया है।
एनडीए के सभी प्रमुख चेहरे रहेंगे मौजूद
समारोह में एनडीए गठबंधन की एकजुटता देखने को मिलेगी। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, एलजेपी (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान और 'हम' के अध्यक्ष जीतन राम मांझी मंच पर मौजूद रहेंगे। बिहार बीजेपी के अध्यक्ष संजय सरावगी के अनुसार, यह समारोह ऐतिहासिक होगा। पहली बार भाजपा के नेतृत्व में बनी इस सरकार के विस्तार को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
चुनाव नतीजों के बाद बढ़ा सियासी उत्साह
पांच राज्यों में हुए चुनाव परिणामों के बाद बिहार में यह विस्तार काफी अहम माना जा रहा है। विशेष रूप से बंगाल और असम में भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की गई हैं। इस विस्तार के जरिए सम्राट चौधरी सरकार अपनी टीम को अंतिम रूप देगी, जिससे आने वाले समय में विकास कार्यों में तेजी आ सके।
Next Story

