
धुरंधर 2 विवाद: हाई कोर्ट ने केंद्र से पूछा- क्या सैन्य सीक्रेट लीक हुए?
रणवीर सिंह स्टारर फिल्म 'धुरंधर 2' पर सेना की गोपनीय जानकारी लीक करने का गंभीर आरोप लगा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने केंद्र और सेंसर बोर्ड को जांच के आदेश दिए हैं।
Dhurandhar 2 in Controversy: बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'धुरंधर 2' कानूनी विवादों में घिर गई है। दिल्ली हाई कोर्ट ने बुधवार को केंद्र सरकार से इस फिल्म के खिलाफ दर्ज एक याचिका के तहत लगाये गए आरोपों की जांच करने को कहा है। अदालत में दाखिल इस जनहित याचिका में आरोप लगाया गया है कि फिल्म में सशस्त्र बलों की बेहद गोपनीय और ऑपरेशनल डिटेल्स को सार्वजनिक कर दिया गया है।
सुरक्षा बल के जवान ने उठाई आवाज
यह याचिका सशस्त्र सीमा बल (SSB) के एक हेड कांस्टेबल दीपक कुमार की तरफ से दाखिल की गई है। कुमार का आरोप है कि फिल्म में दिखाए गए विवरण देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकते हैं। कोर्ट ने कहा कि भले ही यह फिल्म काल्पनिक हो, लेकिन सुरक्षा बल के एक जवान की तरफ से उठाई गई चिंताओं को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के उल्लंघन का आरोप
चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की बेंच ने इस मामले की सुनवाई की। अदालत ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय (MIB) और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) को इस मुद्दे पर तुरंत विचार करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि दोनों संस्थाएं इस बात की जांच करें कि क्या फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' ने ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन किया है।
फिल्म के किरदारों पर गंभीर आपत्ति
याचिकाकर्ता ने अदालत में दलील दी कि फिल्म में सैन्य अभियानों की लोकेशंस को बहुत स्पष्ट तरीके से दिखाया गया है। इसके अलावा फिल्म के कई किरदार सेना के उच्च पदस्थ अधिकारियों और शहीद सैनिकों से हूबहू मिलते हैं। याचिकाकर्ता के मुताबिक यह सारी चीजें सुरक्षा के दृष्टिकोण से देश के हित में नहीं हैं। बेंच ने भी माना कि मनोरंजन के लिए बनी फिल्म का समाज पर गहरा प्रभाव पड़ता है।
हजार करोड़ कमाने वाली बड़ी फ्रेंचाइजी
आपको बता दें कि आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर 1' और 'धुरंधर 2' देश की सबसे सफल फिल्मों में से एक साबित हुई हैं। इन दोनों ही पार्ट्स ने बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रिकॉर्ड कमाई की है। फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों की तरफ से भी बेहतरीन रिस्पॉन्स मिला था, लेकिन अब इस नए विवाद ने मेकर्स की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
Next Story

