एयर इंडिया फ्लाइट में मचा हड़कंप, फायर इंडिकेशन के बाद इमरजेंसी लैंडिंग
x

एयर इंडिया फ्लाइट में मचा हड़कंप, फायर इंडिकेशन के बाद इमरजेंसी लैंडिंग

बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट AI2802 में इंजन फायर अलर्ट के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित की गई।


दिल्ली के Indira Gandhi International Airport पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब Air India की बेंगलुरु से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2802 में इंजन में आग लगने की आशंका के बाद फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। हालांकि, पायलट की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया गया। सभी यात्री और क्रू सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कॉकपिट क्रू को मिला फायर इंडिकेशन

एयर इंडिया के अनुसार, विमान के दिल्ली पहुंचने से ठीक पहले कॉकपिट क्रू को एक इंजन से फायर इंडिकेशन मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट और क्रू ने तत्काल सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी गई। एहतियातन दिल्ली एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई।

अलर्ट मोड पर रहीं इमरजेंसी टीमें

फुल इमरजेंसी घोषित होने के बाद एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड, मेडिकल यूनिट और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया। सुरक्षा एजेंसियां और तकनीकी टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थीं। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सामान्य रूप से बाहर निकाल लिया गया, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

एयर इंडिया ने शुरू की जांच

घटना के बाद एयर इंडिया ने पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू करने की बात कही है। एयरलाइन के मुताबिक, संबंधित नियामक एजेंसियों के साथ मिलकर तकनीकी खराबी या अन्य संभावित कारणों की जांच की जाएगी। एयर इंडिया ने यह भी कहा कि जांच से जुड़ी सत्यापित जानकारी समय-समय पर सार्वजनिक की जाएगी।

Read More
Next Story