
महंगाई का एक और झटका, अमूल ने बढ़ाए दूध के दाम
अमूल ने 14 मई से दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। कंपनी ने चारा, पैकेजिंग और उत्पादन लागत बढ़ने को इसकी मुख्य वजह बताया।
देशभर में दूध खरीदने वाले उपभोक्ताओं को अब ज्यादा कीमत चुकानी होगी। अमूल ने दूध के दाम में प्रति लीटर 2 रुपये तक की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। नई कीमतें 14 मई से लागू होंगी। कंपनी का कहना है कि पशु आहार, पैकेजिंग और उत्पादन लागत बढ़ने की वजह से यह फैसला लिया गया है, ताकि डेयरी किसानों और उत्पादन व्यवस्था पर अतिरिक्त बोझ न पड़े।
नई दरों के मुताबिक, अमूल गोल्ड (फुल क्रीम) अब 500 मिली पैक में 35 रुपये की जगह 36 रुपये में मिलेगा, जबकि एक लीटर की कीमत 71 रुपये हो गई है। अमूल ताजा (टोंड मिल्क) का 500 मिली पैक अब 30 रुपये की जगह 31 रुपये में मिलेगा और एक लीटर के लिए ग्राहकों को 59 रुपये चुकाने होंगे।
इसी तरह अमूल गाय का दूध (काउ मिल्क) 500 मिली पैक में 31 रुपये की जगह 32 रुपये में मिलेगा। वहीं अमूल भैंस का दूध (बफेलो मिल्क) भी महंगा हो गया है और इसकी कीमत 38 रुपये से बढ़ाकर 39 रुपये कर दी गई है।
अमूल ने इससे पहले मई 2025 में भी दूध के दाम बढ़ाए थे। तब भी कंपनी ने प्रति लीटर 2 रुपये की बढ़ोतरी की थी। कंपनी का कहना है कि लगातार बढ़ती लागत और किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कीमतों में बदलाव जरूरी हो गया है।

