
राहुल गाँधी के किस बयान पर भड़की BJP, नितिन नविन ने राहुल को क्या दिया जवाब?
रायबरेली में राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी और अमित शाह को 'गद्दार' कहे जाने पर बीजेपी का पलटवार; नितिन नवीन बोले ''लगातार मिल रही हार से बौखला गए हैं राहुल''।
Controversy On Rahul Gandhi's Statement: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ दिए गए एक बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है। रायबरेली की एक जनसभा में राहुल गांधी द्वारा पीएम मोदी और अमित शाह को 'गद्दार' कहे जाने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बेहद आक्रामक रुख अख्तियार कर लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितिन नवीन ने राहुल गांधी के इस बयान पर तीखा पलटवार करते हुए इसे उनकी "अराजकतावादी मानसिकता" और लगातार मिल रही हार से उपजी "निराशा" का नतीजा बताया है।
रायबरेली में राहुल गांधी का विवादित बयान: पीएम-शाह को कहा 'गद्दार'
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली के लोधवारी गांव में आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर देश बेचने का आरोप लगाया और दोनों को 'गद्दार' तक कह डाला।
संविधान और अर्थव्यवस्था पर आरोप: राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण देश भयंकर आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और संविधान की मूल भावना को लगातार कमजोर किया जा रहा है।
महंगाई बढ़ने की चेतावनी: राहुल ने दावा किया कि आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और मोदी सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। देश में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के साथ-साथ दाल और चावल जैसी जरूरी खाद्य वस्तुओं की कीमतें आसमान छूने वाली हैं।
"लगातार मिल रही हार से बौखला गए हैं राहुल": नितिन नवीन
राहुल गांधी के इस बयान के तुरंत बाद भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नितिन नवीन मीडिया के सामने आए और कांग्रेस नेतृत्व की धज्जियां उड़ा दीं। नितिन नवीन ने कहा कि भारतीय राजनीति में जहां शुचिता, सामाजिकता और एक-दूसरे को सम्मान देने की एक लंबी परंपरा रही है, उसमें देश के प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
नितिन नवीन ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए सिलसिलेवार सवाल दागे:
"राहुल गांधी का आज का बयान कहीं न कहीं उनकी अराजकतावादी मानसिकता और स्वभाव को दिखाता है। मैं मानता हूँ कि लगातार हो रही हार और घोर निराशा अब उनके चरित्र में साफ दिखने लगी है। आज देश में मोदी सरकार भ्रष्टाचार पर 'जीरो टॉलरेंस' की नीति पर काम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद पर पूर्ण रूप से लगाम लगाने का काम किया गया है। अब राहुल गांधी ही बताएं कि क्या देश से नक्सलवाद को खत्म करना गद्दारी है? क्या देश की सरहदों और जमीन को सुरक्षित रखना गद्दारी है? या फिर पूरी दुनिया में भारत के तिरंगे का सम्मान बढ़ाना गद्दारी है?"
Next Story

