Cockroach Janta Party: नीट (NEET) पेपर लीक विवाद को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध के सुर लगातार तेज होते जा रहे हैं. इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर अपनी व्यंग्यात्मक शैली के लिए बेहद लोकप्रिय और चर्चित 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोमवार (1 जून 2026) को एक बड़ा एलान किया है. उन्होंने घोषणा की है कि वह आगामी 6 जून को भारत लौट रहे हैं और देश की राजधानी दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करेंगे. सीजेपी (CJP) के गठन के बाद से अभिजीत दिपके की यह पहली भारत यात्रा होगी.
"लाखों छात्रों की मेहनत बर्बाद हुई, धर्मेंद्र प्रधान को देना होगा इस्तीफा" वीडियो संदेश में तीखे बोल
एक्स (X) पर जारी एक वीडियो संदेश में अभिजीत दिपके ने अपनी भारत वापसी और विरोध प्रदर्शन के उद्देश्यों को स्पष्ट किया. उन्होंने कहा, "नमस्ते दोस्तों, मैंने भारत वापस आने का फैसला किया है. हाँ, मैं अपने देश, अपने घर वापस आ रहा हूँ ताकि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग सकूं. आप कई दिनों से देख रहे हैं कि हम सोशल मीडिया पर लगातार आवाज उठा रहे हैं कि पेपर लीक के कारण नीट (NEET) के जिन बच्चों ने आत्महत्या की और लाखों छात्रों की जो कड़ी मेहनत बर्बाद हुई है, उसके लिए धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना चाहिए." उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स के हवाले से आगे कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी भारतीय संविधान के रास्ते पर चलते हुए एकजुट हों और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज बुलंद करें.
प्रशासनिक चूकों पर उठाए गंभीर सवाल, कहा 'सिस्टम में जवाबदेही खत्म'
नीट के अलावा सीबीएसई (CBSE), सीयूईटी (CUET) और एसएससी जीडी (SSCGD) जैसी बड़ी परीक्षाओं से जुड़े विवादों और प्रशासनिक लापरवाहियों का जिक्र करते हुए दिपके ने आरोप लगाया कि इन चूकों ने लाखों छात्रों के भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित किया है. उन्होंने व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा, "इतनी बड़ी गलती और घोटाले के बाद भी अगर शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं देते हैं, तो इसका सीधा मतलब है कि इस देश में कोई जवाबदेही नहीं बची है. ऐसा लगता है कि सिस्टम चाहे जितनी मर्जी गलतियां करे, उसके लिए कोई परिणाम नहीं भुगतने पड़ते, सारा खामियाजा सिर्फ और सिर्फ छात्रों को ही उठाना पड़ता है."
संसद मार्ग थाने से मांगेंगे इजाजत; गिरफ्तारी का डर पर लोकतंत्र में भरोसा
अपनी योजना साझा करते हुए सीजेपी प्रमुख ने बताया कि वे 6 जून (शनिवार) की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे. उन्होंने समर्थकों से एयरपोर्ट पर मिलने की अपील करते हुए कहा कि वहां से सभी लोग सीधे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाएंगे और जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने की आधिकारिक अनुमति मांगेंगे.
अभिजीत ने यह भी स्वीकार किया कि उनके दोस्तों और परिवार के सदस्यों को डर है कि दिल्ली उतरते ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है. हालांकि, उन्होंने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपना भरोसा जताते हुए कहा, "मुझे अभी भी उम्मीद है कि हमारा देश एक लोकतंत्र है और हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मिलेगी. मैं साफ कर देना चाहता हूं कि मैं महात्मा गांधी, बाबासाहेब अंबेडकर, भगत सिंह और जवाहरलाल नेहरू का बड़ा प्रशंसक हूं और भारतीय संविधान में अटूट विश्वास रखता हूं जो हमें आवाज उठाने का अधिकार देता है."