993 रुपये महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर, चुनाव खत्म होते ही झटका
x

993 रुपये महंगा हुआ कमर्शियल गैस सिलेंडर, चुनाव खत्म होते ही झटका

देशभर में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर 993 रुपये महंगा हो गया है। अब कीमत 3000 के पार है। बढ़ोतरी के लिए अंतरराष्ट्रीय तनाव को वजह माना जा रहा है।


देशभर में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पश्चिम बंगाल, असम समेत कई राज्यों में चुनाव खत्म होते ही कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर (19 किलो) के दाम में भारी इजाफा किया गया है। सरकारी तेल कंपनियों ने 1 मई 2026 से कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये की वृद्धि कर दी है।

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली, मुंबई समेत कई शहरों में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 3,000 रुपये के पार पहुंच गई है। हालांकि, आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एएनआई के अनुसार, 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमत में वृद्धि के बाद दिल्ली में इसकी कीमत 3071.50 रुपये हो गई है, जबकि 1 अप्रैल को इसकी कीमत 2078.50 रुपये थी। यानी एक महीने के भीतर प्रति सिलेंडर 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।


इस बढ़ोतरी का सीधा असर होटल और रेस्टोरेंट उद्योग पर पड़ेगा, जिससे खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ सकते हैं। इसके अलावा स्ट्रीट फूड भी महंगा होने की संभावना है।हालांकि, घरेलू रसोई गैस की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। आखिरी बार 7 मार्च 2026 को रसोई गैस के दाम बढ़ाए गए थे। वर्तमान में दिल्ली में 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर की कीमत 913 रुपये है। मुंबई में यह 912.50 रुपये, चेन्नई में 928.50 रुपये और कोलकाता में 939 रुपये है।

इस मूल्य वृद्धि के पीछे अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियां भी एक बड़ा कारण मानी जा रही हैं। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य का मार्ग प्रभावित हुआ है, जहां से भारत बड़े पैमाने पर तेल और गैस आयात करता है। इस मार्ग में व्यवधान के कारण आपूर्ति में कमी आई है, जिससे भारत को अन्य स्रोतों से आयात बढ़ाना पड़ रहा है। परिणामस्वरूप लागत में वृद्धि और आपूर्ति पर दबाव बढ़ा है, जिसका असर गैस की कीमतों पर पड़ा है।

Read More
Next Story