पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, एक हफ्ते में दूसरी बड़ी बढ़ोतरी
x

पेट्रोल-डीजल फिर महंगे, एक हफ्ते में दूसरी बड़ी बढ़ोतरी

कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत में पेट्रोल-डीजल फिर महंगे हुए। एक हफ्ते में दूसरी बढ़ोतरी से महंगाई की चिंता और बढ़ गई है।


अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जारी भारी उतार-चढ़ाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब भारत में पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर साफ दिखाई देने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी कर दी।यह एक हफ्ते के भीतर ईंधन कीमतों में दूसरी बड़ी वृद्धि है। इससे पहले 15 मई को तेल कंपनियों ने करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ रही कीमतों ने आम जनता और परिवहन क्षेत्र की चिंता बढ़ा दी है।

वैश्विक संकट का असर

अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव तथा हॉर्मुज़ स्ट्रेट में आपूर्ति बाधित होने की आशंका के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं।इस स्थिति से भारतीय रिफाइनिंग कंपनियों पर लागत का दबाव बढ़ गया है। पिछले सप्ताह की बढ़ोतरी से कंपनियों के घाटे में कुछ कमी आई थी, लेकिन लागत और बिक्री मूल्य के बीच बने बड़े अंतर को कम करने के लिए नई बढ़ोतरी जरूरी मानी गई।

जानकारों का कहना है कि यदि पश्चिम एशिया में तनाव जल्द कम नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और वृद्धि हो सकती है।

चार महानगरों में नए रेट

दिल्ली में पेट्रोल 87 पैसे महंगा होकर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है, जबकि डीजल 91 पैसे बढ़कर 91.58 रुपये प्रति लीटर हो गया।

मुंबई में पेट्रोल 91 पैसे बढ़कर 107.59 रुपये प्रति लीटर और डीजल 94 पैसे बढ़कर 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया।

कोलकाता में पेट्रोल की कीमत में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां पेट्रोल 96 पैसे महंगा होकर 109.70 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया, जबकि डीजल 96.07 रुपये प्रति लीटर हो गया।

चेन्नई में पेट्रोल 82 पैसे बढ़कर 104.49 रुपये प्रति लीटर और डीजल 86 पैसे बढ़कर 96.11 रुपये प्रति लीटर हो गया।

महंगाई पर बढ़ेगा दबाव

ईंधन कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर माल ढुलाई और लॉजिस्टिक्स सेक्टर पर पड़ने की आशंका है। डीजल महंगा होने से सब्जियां, फल, अनाज और रोजमर्रा के सामानों के परिवहन की लागत बढ़ेगी।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ईंधन की कीमतों में यही रफ्तार जारी रही, तो आने वाले हफ्तों में खुदरा महंगाई में भी बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है।

Read More
Next Story