
EPF खाताधारकों की बल्ले-बल्ले! 8.25% ब्याज दर को मिली मंजूरी
सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF पर 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। 7 करोड़ से अधिक खाताधारकों के खातों में जल्द ब्याज राशि जमा हो सकती है।
करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) जमा पर 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी दे दी है। सूत्रों के मुताबिक, ब्याज की राशि इसी महीने से कर्मचारियों के खातों में जमा की जा सकती है। इस फैसले से कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के 7 करोड़ से अधिक सब्सक्राइबर्स को फायदा मिलेगा।
कैसे तय होती है EPF पर ब्याज दर?
ईपीएफ पर मिलने वाली ब्याज दर की सिफारिश ईपीएफओ के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) द्वारा की जाती है। इस बोर्ड में सरकार, नियोक्ता (कंपनी) और कर्मचारियों के प्रतिनिधि शामिल होते हैं।
सीबीटी की मंजूरी के बाद प्रस्ताव वित्त मंत्रालय के पास भेजा जाता है। वित्त मंत्रालय की स्वीकृति मिलने के बाद श्रम एवं रोजगार मंत्रालय इसे आधिकारिक रूप से अधिसूचित करता है। इसके बाद ब्याज की राशि सीधे खाताधारकों के पीएफ खाते में जमा कर दी जाती है।
कितना मिलेगा फायदा?
प्राइवेट सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों के लिए पीएफ एक अनिवार्य बचत योजना है। इसमें कर्मचारी अपनी बेसिक सैलरी का 12 प्रतिशत हिस्सा जमा करता है, जबकि नियोक्ता भी समान योगदान देता है।नियोक्ता के योगदान में से 8.33 प्रतिशत हिस्सा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में चला जाता है, जबकि शेष राशि ईपीएफ खाते में जमा होती है।यदि किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में 1 लाख रुपये जमा हैं, तो 8.25 प्रतिशत ब्याज दर के हिसाब से उसे सालाना 8,250 रुपये ब्याज मिलेगा।
घर बैठे कैसे चेक करें अपना PF बैलेंस?
ईपीएफ खाताधारकों को बैलेंस जानने के लिए किसी कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। वे कई आसान तरीकों से घर बैठे अपना पीएफ बैलेंस चेक कर सकते हैं।
1. EPFO वेबसाइट के जरिए
EPFO की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
E-Passbook विकल्प पर क्लिक करें।
अपना UAN नंबर, पासवर्ड और कैप्चा दर्ज करें।
लॉगिन करने के बाद Member ID चुनें।
इसके बाद आपकी ई-पासबुक खुल जाएगी और पीएफ बैलेंस दिखाई देगा।
2. मिस्ड कॉल से जानें बैलेंस
यदि आपका मोबाइल नंबर पीएफ खाते से लिंक है, तो आप सिर्फ एक मिस्ड कॉल देकर बैलेंस की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 011-22901406 पर मिस्ड कॉल दें।
कॉल कटने के कुछ ही समय बाद आपके मोबाइल पर एक एसएमएस आएगा।
इस संदेश में आपके पीएफ खाते की जानकारी और बैलेंस उपलब्ध होगा।
3. एसएमएस के जरिए
पीएफ बैलेंस एसएमएस के माध्यम से भी चेक किया जा सकता है।
रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से EPFOHO UAN लिखकर 7738299899 पर एसएमएस भेजें।
यदि हिंदी में जानकारी चाहिए तो EPFOHO UAN HIN लिखकर संदेश भेजें।
कुछ ही समय में आपको बैलेंस की जानकारी एसएमएस के जरिए प्राप्त हो जाएगी।
4. UMANG ऐप से चेक करें बैलेंस
UMANG ऐप के जरिए भी पीएफ बैलेंस देखना बेहद आसान है।
सबसे पहले UMANG ऐप डाउनलोड करें।
मोबाइल नंबर से रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें।
मेन्यू में जाकर Service Directory चुनें।
यहां EPFO सर्च करके क्लिक करें।
View Passbook विकल्प पर जाएं।
UAN नंबर और OTP दर्ज करें।
इसके बाद आपके पीएफ खाते की पूरी जानकारी और बैलेंस स्क्रीन पर दिखाई देगा।
करोड़ों कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
सरकार द्वारा 8.25 प्रतिशत ब्याज दर को मंजूरी मिलने से करोड़ों कर्मचारियों की बचत पर बेहतर रिटर्न मिलेगा। अब सभी खाताधारकों की नजर इस बात पर है कि ब्याज की राशि कब तक उनके खातों में जमा होती है। उम्मीद की जा रही है कि जून महीने के भीतर ही ईपीएफओ सब्सक्राइबर्स को यह लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

