
यूपी-दिल्ली समेत कई राज्यों में तूफान का खतरा, IMD का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी, दिल्ली, बिहार समेत कई राज्यों में तेज आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे बेहद संवेदनशील रहेंगे।
मॉनसून अभी देशभर में पूरी तरह सक्रिय भी नहीं हुआ है, लेकिन उससे पहले ही मौसम ने खतरनाक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों को बेहद संवेदनशील बताया है और कई राज्यों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले 2 से 3 दिनों में इसके अरब सागर, लक्षद्वीप और बंगाल की खाड़ी के मध्य और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में और आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। इसी बीच उत्तर-पश्चिम भारत में तेज चक्रवाती आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
IMD का कहना है कि इस बदलाव की वजह से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। कई इलाकों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
यूपी में आज मौसम का सबसे खतरनाक दिन
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी तूफान आने की आशंका है। इसके साथ ओलावृष्टि और भारी बारिश भी हो सकती है।वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने का अनुमान है। 30 मई को भी पूरे प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 31 मई को पूर्वी यूपी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए भी मौसम विभाग ने गंभीर चेतावनी जारी की है। यहां आज 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी, ओलावृष्टि और भारी बारिश का अनुमान है। 30 मई को भी तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है।
बिहार और झारखंड में भी बिगड़ेगा मौसम
बिहार में आज कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान की चेतावनी जारी की है। 30 मई को भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है, जबकि 31 मई और 1 जून को हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।झारखंड में आज से 31 मई तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने की संभावना है। वहीं 1 से 3 जून के बीच राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है।
पहाड़ों पर भी खराब रहेगा मौसम
उत्तराखंड में आज कई जगहों पर भारी बारिश और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 30 मई तक पहाड़ी इलाकों में मौसम खराब बना रहेगा।इसके अलावा हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पहाड़ों में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अलर्ट
मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी मध्य प्रदेश में आज लू का आखिरी असर देखने को मिल सकता है। इसके बाद पूरे राज्य में मौसम करवट लेगा। आज और कल मध्य प्रदेश में ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने का अलर्ट जारी किया गया है। 31 मई को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।छत्तीसगढ़ में भी आज से 31 मई तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान आने का अनुमान है। इसके चलते गर्मी का असर कम होगा। वहीं 1 जून को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों में ना जाने की अपील की है। किसानों को भी फसलों और पशुओं की सुरक्षा के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

