SIR पर CJI को पत्र लिखेगा INDIA ब्लॉक; धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा
x

SIR पर CJI को पत्र लिखेगा INDIA ब्लॉक; धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा

INDIA गठबंधन वोटर लिस्ट में बदलाव को लेकर चिंताओं के चलते CJI को पत्र लिखने की योजना बना रहा है, साथ ही धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग और आर्थिक मुद्दों को भी उठा रहा है।


INDI Alliance Meet: विपक्षी गठबंधन 'INDIA' (इंडिया जनबंधन) ने सोमवार को दिल्ली में हुई अपनी महाबैठक के बाद केंद्र सरकार के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कानूनी और राजनीतिक घेराबंदी का एलान कर दिया है. बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा कराए गए मतदाता सूचियों के विशेष गहन संशोधन (SIR) और चुनाव प्रक्रिया में कथित "वोट लूट व चुनाव चोरी" के गंभीर मुद्दे को लेकर विपक्षी गठबंधन सीधे भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को एक संयुक्त पत्र सौंपेगा.


गठबंधन की ओर से कहा गया है कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली को बचाने के लिए वे देश की शीर्ष न्यायपालिका का दरवाजा खटखटा रहे हैं और यह पत्र बहुत जल्द सीजेआई सूर्यकांत को डिलीवर कर दिया जाएगा. इस फैसले के दौरान मंच पर मल्लिकार्जुन खरगे के साथ राहुल गांधी, अखिलेश यादव और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी समेत विपक्ष के तमाम दिग्गज नेता एकजुट नजर आए.

NEET और CBSE विवाद पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग; तय हुआ 5 सूत्रीय 'एक्शन प्लान'
दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में जुटे 25 राजनैतिक दलों के नेताओं ने देश के ज्वलंत मुद्दों पर सरकार के खिलाफ सड़क से संसद तक साझा मोर्चा खोलने के लिए 5 सूत्रीय एजेंडे पर अंतिम मुहर लगाई है:

CJI सूर्यकांत को पत्र: 'वोट लूट' और एसआईआर (SIR) में अनियमितताओं के खिलाफ मुख्य न्यायाधीश को जल्द ही पत्र सौंपा जाएगा.

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा: हालिया नीट (NEET) पेपर लीक और सीबीएसई (CBSE) परीक्षा प्रणालियों में हुए कथित घोटालों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की गई है. खरगे ने कहा कि उन्होंने परीक्षा देने वाले देश के लाखों युवाओं की उम्मीदों के साथ हुए विश्वासघात की अध्यक्षता की है.

सर्वदलीय बैठक की मांग: देश की "डगमगाती आर्थिक स्थिति", आसमान छूती बेरोजगारी, बेकाबू महंगाई, किसानों के संकट और समाज के पीड़ित/शोषित वर्गों पर हो रहे अत्याचारों पर विस्तृत चर्चा के लिए केंद्र सरकार से तुरंत 'सर्वदलीय बैठक' बुलाने की मांग की गई है.

हैदराबाद में अगली बैठक (अगस्त 2026): गठबंधन के आपसी तालमेल को मजबूत रखने के लिए यह तय किया गया है कि अब हर दो महीने में 'INDIA' ब्लॉक की बैठक अनिवार्य रूप से होगी. इसी कड़ी में अगली बड़ी बैठक अगस्त 2026 में हैदराबाद में आयोजित की जाएगी, जिसकी सटीक तारीख बाद में घोषित होगी.

संसद सत्र में रोजाना मंथन: आगामी आगामी मानसून सत्र (Monsoon Session) के दौरान बेहतर फ्लोर मैनेजमेंट के लिए विपक्षी दल रोजाना संसद में 'नेता प्रतिपक्ष' (LoP) के चेंबर में बैठक करेंगे और सरकार को घेरने की साझा रणनीति बनाएंगे.

उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन वर्चुअली जुड़े; खुलकर सामने आए विचार
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने मीडिया को बताया कि बैठक बेहद सौहार्दपूर्ण और लोकतांत्रिक माहौल में हुई, जहां सभी 25 दलों के नेताओं ने अपने-अपने विचार और सुझाव पूरी स्वतंत्रता के साथ सामने रखे. इस बैठक में जहां अधिकांश नेता दिल्ली में शारीरिक रूप से मौजूद थे, वहीं महाराष्ट्र से शिवसेना (UBT) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और झारखंड के मुख्यमंत्री व जेएमएम (JMM) नेता हेमंत सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए वर्चुअली इस बैठक में शामिल हुए और सभी 5 प्रस्तावों पर अपनी सहमति जताई.


Read More
Next Story