
हीटवेव का हाई वोल्टेज असर, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची बिजली खपत
भीषण गर्मी और लू के बीच भारत में बिजली मांग 270.82 गीगावाट पहुंच गई। एसी-कूलर के बढ़ते इस्तेमाल से लगातार चौथे दिन रिकॉर्ड बना।
देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू के प्रकोप के बीच भारत में बिजली की मांग ने गुरुवार (21 मई) को नया ऐतिहासिक रिकॉर्ड बना दिया। देश की अधिकतम बिजली मांग बढ़कर 270.82 गीगावाट (GW) पहुंच गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। एयर कंडीशनर, कूलर और अन्य शीतलन उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण बिजली खपत में अचानक तेज उछाल आया है।
यह मांग एक दिन पहले दर्ज 265.44 गीगावाट के रिकॉर्ड को भी पार कर गई। केंद्रीय विद्युत मंत्रालय के अनुसार, लगातार चौथे दिन देश की अधिकतम बिजली मांग ने नया रिकॉर्ड बनाया है।
मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “आज (गुरुवार) लगातार चौथा दिन रहा जब अधिकतम बिजली मांग ने नया सर्वकालिक उच्च स्तर छुआ। दोपहर 3:45 बजे 270.82 गीगावाट की अधिकतम बिजली मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।”
इससे पहले मंत्रालय ने अनुमान जताया था कि इस बार भीषण गर्मी के कारण गर्मियों में बिजली की मांग 270 गीगावाट तक पहुंच सकती है। सोमवार से लगातार बिजली की मांग बढ़ रही है। सोमवार को यह 257.37 गीगावाट थी, जो मंगलवार को 260.45 गीगावाट और बुधवार को 265.44 गीगावाट तक पहुंच गई।
भीषण गर्मी से बढ़ी बिजली खपत
अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार की रिकॉर्ड बिजली मांग को ऊर्जा के विविध स्रोतों के जरिए पूरा किया गया। इसमें तापीय ऊर्जा (थर्मल पावर) का योगदान लगभग 62.8 प्रतिशत रहा, सौर ऊर्जा का 22 प्रतिशत, पवन ऊर्जा का 5 प्रतिशत, जबकि जलविद्युत का योगदान 5.8 प्रतिशत रहा।विद्युत मंत्रालय ने यह भी कहा कि तापीय बिजली संयंत्रों में कोयले का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आपूर्ति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत में लू का कहर
देश के उत्तर, मध्य और पूर्वी हिस्सों में भीषण गर्मी और लू की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग India Meteorological Department ने आने वाले दिनों में कई राज्यों में हीटवेव जारी रहने का अनुमान जताया है।
देश में सबसे गर्म रहा बांदा
उत्तर प्रदेश के बांदा में देश का सबसे अधिक तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी और झांसी में भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य के कई हिस्सों में भीषण लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, साफ आसमान, किसी सक्रिय मौसम प्रणाली का न होना और मध्य भारत के ऊपर बने एंटी-साइक्लोन के कारण चल रही गर्म और शुष्क हवाएं इस भीषण गर्मी की प्रमुख वजह हैं।
ओडिशा में भी गर्मी का प्रकोप
ओडिशा भी भीषण गर्मी की चपेट में रहा। झारसुगुड़ा में तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के कम से कम 10 स्थानों पर तापमान 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया, जिसके बाद मौसम विभाग ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया।
दिल्ली में सीजन का पहला हीटस्ट्रोक मामला
दिल्ली में भी गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। रिज मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।राष्ट्रीय राजधानी में इस सीजन का पहला हीटस्ट्रोक मामला भी सामने आया है। 24 वर्षीय एक छात्र को गंभीर हालत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कई राज्यों में सामान्य से काफी ऊपर तापमान
हीटवेव की स्थिति हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बनी हुई है। कई क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। जानकारों ने चेतावनी दी है कि अगर लू का असर जारी रहा तो बिजली की मांग और बढ़ सकती है, क्योंकि घरों, कारोबारी प्रतिष्ठानों और उद्योगों में कूलिंग उपकरणों का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है।

