खाना बनाना हुआ महंगा, घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा
x

खाना बनाना हुआ महंगा, घरेलू LPG सिलेंडर 29 रुपये महंगा

घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। ईरान संकट और वैश्विक ऊर्जा कीमतों के चलते आम उपभोक्ताओं पर महंगाई का दबाव बढ़ा है।


देशभर के उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगा है। घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमत में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की गई है। नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू LPG के दाम बढ़ाए गए हैं।घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले सिलेंडर का दाम 942 रुपये पहुंच गया है। वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 968 रुपये, मुंबई में 941 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये हो गई है। इससे पहले 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों के दाम में भी बढ़ोतरी की गई थी।

इससे पहले 7 मार्च को भी घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। उस समय पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिससे अंतरराष्ट्रीय ईंधन कीमतों में उछाल आया था।

कमर्शियल LPG सिलेंडर भी हुआ महंगाई

घरेलू गैस के अलावा कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भी हाल ही में बढ़ोतरी की गई है। 1 जून को 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की वृद्धि की गई थी। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई। वहीं, कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 53.50 रुपये महंगा होकर 3,255.50 रुपये का हो गया है।

इसके अलावा छोटे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलोग्राम के एफटीएल (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया था। दिल्ली में यह छोटा सिलेंडर अब 821.50 रुपये में उपलब्ध है।

पेट्रोल, डीजल और CNG भी पहले से महंगे

LPG की कीमतों में बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब देश में अन्य ईंधनों की कीमतें भी लगातार बढ़ रही हैं।मई से अब तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कुल मिलाकर 7.50 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। वहीं, कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमतों में भी लगभग 6 रुपये प्रति किलोग्राम का इजाफा हुआ है।

तेल कंपनियों को अब भी हो रहा नुकसान

हालिया मूल्य वृद्धि के बावजूद सरकारी तेल कंपनियां अभी भी पेट्रोल और डीजल को लागत से कम कीमत पर बेच रही हैं।बताया जा रहा है कि कंपनियों को पेट्रोल पर लगभग 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर करीब 33.6 रुपये प्रति लीटर का नुकसान उठाना पड़ रहा है।ऐसे में आने वाले समय में ईंधन की कीमतों पर और दबाव बढ़ सकता है, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई का अतिरिक्त बोझ झेलना पड़ सकता है।

Read More
Next Story