दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले पर हत्या की कोशिश का मुकदमा, मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार
x
दिल्ली विधानसभा परिसर में कार लेकर घुसा व्यक्ति हाथ में गुलदस्ता लिए हुए था (सीसीटीवी का ग्रैब)

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले पर हत्या की कोशिश का मुकदमा, मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार

रूप नगर इलाके में बेरिकेड चेकिंग के दौरान पकड़ी गयी सिएरा कार। आरोपी सरबजीत से पूछताछ की जा रही है।


Click the Play button to hear this message in audio format

दिल्ली पुलिस ने विधानसभा की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले कार सवार को दबोचने के बाद उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि इस मामले में थाना सिविल लाइंस में हत्या के प्रयास, आपराधिक अतिक्रमण (अपराध की तैयारी के साथ), लोक सेवक पर आपराधिक बल का प्रयोग, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संबंधित अधिनियम की धारा 3 सहित अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

विधानसभा में सुरक्षा चूक पर पुलिस का बयान

दिल्ली पुलिस के बयान में बताया गया है कि आज (सोमवार) दोपहर लगभग 2:10 बजे, एक सफेद रंग की Tata Sierra (रजिस्ट्रेशन नंबर UP26AZ8090) ने गेट नंबर 2 के जरिए जबरन दिल्ली विधानसभा परिसर में प्रवेश किया। करीब 35 से 40 वर्ष आयु का एक व्यक्ति वाहन से उतरा और हाथ में फूलों का गुलदस्ता तथा गेंदा फूलों की माला लेकर पोर्च क्षेत्र की ओर बढ़ा। उस समय विधानसभा का सत्र नहीं था।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान आरोपी ने वाहन को खतरनाक तरीके से चलाया और ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को कुचलने की नीयत से वाहन दौड़ाया, जिससे उनकी जान को खतरा पैदा हो गया। सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोके जाने पर आरोपी उसी वाहन से मौके से फरार हो गया।

पूरे दिल्ली में तलाश अभियान चलाया गया और लगभग 4:15 बजे रूप नगर इलाके में वाहन को रोका गया। आरोपी की पहचान सरबजीत सिंह (उम्र 37 वर्ष), निवासी पीलीभीत, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसके साथ दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी से पूछताछ जारी है और आगे की जांच चल रही है।

पुलिस के अनुसार कार को उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में बैरिकेड चेकिंग के दौरान ट्रेस किया और उसमें सवार लोगों को दबोच लिया. कार वाही टाटा सिएरा पायी गयी, जो विधानसभा में जबरन घुसी थी. तुरंत ही मामले की जानकारी सिविल लाइन पुलिस को दी गयी. उस समय दिल्ली पुलिस कमिश्नर भी विधानसभा में मौका मुआयना के लिए पहुंचे हुए थे।

पकड़े गए लोगों में नाबालिग भी

पुलिस ने सीसीटीवी फूटेज के माध्यम से भी पकड़े गए संदिग्ध का मिलान कर लिया है। आरोपी की पहचान सरबजीत के रूप में की गयी है। पुलिस का कहना है कि सरबजीत के साथ 3 और लोग भी कार में सवार थे। इनमें से एक माइनर बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इन लोगों से पूछताछ कर रही है।

अभी तक की जानकारी के अनुसार सरबजीत सिंह पीलीभीत का रहने वाला है। टाटा सिएरा कार उसी की बतायी जा रही है। सूत्रों का कहना है कि उसके सोशल मीडिया प्रोफाइल की जांच करने पर कुछ पोस्ट ऐसे मिले हैं, जो किसान आन्दोलन से जुड़े हैं।

क्या है गुलदस्ते का राज ?

पुलिस का कहना है सरबजीत से पूछताछ की जा रही है कि आखिर वो किस मकसद से आया था? गुलदस्ते के पीछे का क्या कारण है? जिस तरह से वो विधानसभा में घुसा, उससे स्पष्ट है कि वो पहले से ही यहाँ की रेकी कर चुका था। वो कब और कैसे विधानसभा की रेकी करके गया ये भी पता लगाया जा रहा है।

क्या है मामला

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा में एक बड़ी चूक का मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात कार गेट तोड़कर परिसर के अंदर घुस गई और फिर वहां से फरार होने में सफल रही। मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार ने विधानसभा के गेट को टक्कर मारी और उसे तोड़कर अंदर दाखिल हो गई।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के पंजीकरण नंबर वाली एक गाड़ी ने गेट नंबर 2 से अंदर प्रवेश किया, जिससे सुरक्षा कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। वाहन पहले बैरिकेड से टकराया और फिर किसी तरह विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गया।

अचानक हुई इस घटना से वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। इससे पहले कि उसे रोका जाता, चालक कार समेत मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा।

बताया जा रहा है कि वाहन में सवार लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष की गाड़ी पर स्याही फेंकी और फिर मौके से फरार हो गए।

अब तक सामने आई जानकारी के मुताबिक आरोपी दिल्ली विधानसभा के गेट संख्या दो को टक्कर मारकर भागा है। घटना दोपहर दो बजे के आसपास की है और गाड़ी पीलीभीत नंबर की बताई गयी। पुलिस ने मामले में तुरंत ऐक्शन लेते हुए गाड़ी की तलाश शुरू कर दी है।

इस घटना ने विधानसभा परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की पर्याप्तता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, गनीमत रही कि आज विधानसभा सत्र नहीं था।

अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है कि मौजूदा सुरक्षा प्रोटोकॉल के बावजूद वाहन बैरिकेड को कैसे तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुसने में सफल रहा। घटना के क्रम को समझने और वाहन की पहचान के लिए विभिन्न प्रवेश द्वारों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।


Read More
Next Story