
उत्तर भारत की ओर बढ़ा मानसून, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि पूर्वी यूपी, बिहार और झारखंड में लू चलने की भी आशंका है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले 3 से 4 दिनों में मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ और इलाकों तक पहुंच सकता है।
वहीं, पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में पूरे सप्ताह तेज से बहुत तेज बारिश होने की संभावना है। दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले 3 से 4 दिनों तक और बिहार व झारखंड में अगले 2 दिनों तक लू चलने की आशंका भी जताई गई है।
इन राज्यों में होगी सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 27 से 29 जून के बीच उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई जगह बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं 28 जून को असम और मेघालय में भी बहुत भारी बारिश का अनुमान है।भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों में पानी भर सकता है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) और कई जगह यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
कोलकाता में दो घंटे की बारिश से हालात बिगड़े
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गुरुवार दोपहर करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई। इसके कारण शहर की कई मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं।कोलकाता और साल्ट लेक के कई इलाकों में जलभराव होने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पिछले 24 घंटों में पश्चिम बंगाल के अलावा पश्चिमी मध्य प्रदेश और मध्य महाराष्ट्र में भी बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। वहीं गोवा, असम, त्रिपुरा, तटीय कर्नाटक और तेलंगाना के कई इलाकों में भी अच्छी बारिश हुई।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर में 30 जून से 1 जुलाई, हिमाचल प्रदेश में 30 जून से 1 जुलाई और उत्तराखंड में 29 जून से 1 जुलाई तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कई दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होगी। इसके साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।उत्तराखंड में 29 जून से 1 जुलाई के बीच भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।
बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर में भी असर
बिहार, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 26 जून से 1 जुलाई तक अलग-अलग दिनों में भारी बारिश होने की संभावना है।बिहार में 26 से 30 जून तक कई जगह तेज बारिश हो सकती है। वहीं 26 और 28 जून को तेज आंधी चलने की भी चेतावनी दी गई है।
अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 1 जुलाई तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।खासतौर पर 28 जून को असम और मेघालय में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।
मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में 1 जुलाई तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है।27 से 29 जून के बीच मध्य प्रदेश में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। वहीं छत्तीसगढ़ में 27 और 28 जून को कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।
दक्षिण भारत में भी होगी अच्छी बारिश
केरल, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तमिलनाडु के कई हिस्सों में अगले सप्ताह तक बारिश जारी रहने की संभावना है।केरल और तटीय कर्नाटक में 29 जून से 1 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश हो सकती है। वहीं तेलंगाना में भी 1 जुलाई तक कई जगह तेज बारिश होने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने जिन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहां लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। बारिश के दौरान जलभराव वाले रास्तों से बचें, पहाड़ी इलाकों में यात्रा सोच-समझकर करें और मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर रखें।

