NEET 2026 री-एग्जाम होगा, नए एडमिट कार्ड और डेट जल्द
x

NEET 2026 री-एग्जाम होगा, नए एडमिट कार्ड और डेट जल्द

पेपर लीक विवाद के बाद NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी। अब परीक्षा दोबारा होगी। छात्रों को नया फॉर्म भरने या फीस जमा करने की जरूरत नहीं होगी।


भारत सरकार की मंजूरी के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित NEET (UG) 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। अब यह परीक्षा नई तारीखों पर दोबारा आयोजित की जाएगी। यह फैसला केंद्रीय एजेंसियों से मिली उन रिपोर्ट्स के बाद लिया गया, जिनमें परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए गए थे।

पेपर लीक के आरोपों के बाद केंद्र सरकार ने मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी है। आरोप है कि कुछ जालसाजों ने “गेस पेपर” के नाम पर NEET का पेपर लीक किया था। बताया जा रहा है कि 150 पन्नों के इस कथित गेस पेपर में 410 सवाल थे, जिनमें से करीब 120 से 150 सवाल परीक्षा में हूबहू पूछे गए।

परीक्षा रद्द होने के बाद करीब 22 लाख छात्रों और उनके अभिभावकों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं। NTA ने इन सभी मुद्दों पर स्थिति साफ की है।एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। मई 2026 में किए गए सभी रजिस्ट्रेशन, उम्मीदवारों का डेटा और चुने गए परीक्षा केंद्र नई परीक्षा के लिए भी मान्य रहेंगे। यानी किसी भी छात्र को नया फॉर्म भरने या अतिरिक्त फीस जमा करने की आवश्यकता नहीं है।

NTA के मुताबिक पहले जमा की गई परीक्षा फीस भी मान्य रहेगी। जरूरत पड़ने पर नियमों के अनुसार फीस का समायोजन या रिफंड किया जा सकता है।दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए नए एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार इन्हें NTA की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे। एडमिट कार्ड जारी होने की सूचना पहले ही सार्वजनिक की जाएगी।


एग्जाम सेंटर को लेकर भी छात्रों में भ्रम की स्थिति है। NTA ने कहा है कि छात्रों को फिर से सेंटर चुनने की जरूरत नहीं होगी। पहले दिए गए विकल्प ही रिकॉर्ड में रहेंगे और उसी आधार पर सेंटर आवंटित किए जाएंगे। हालांकि परिस्थितियों को देखते हुए कुछ छात्रों के परीक्षा केंद्र बदले भी जा सकते हैं।फिलहाल NEET (UG) 2026 की नई परीक्षा तारीखों का ऐलान नहीं किया गया है। NTA जल्द संशोधित शेड्यूल जारी करेगी और इसकी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए दी जाएगी।

NTA ने अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर भी जानकारी साझा करते हुए कहा है कि परीक्षा दोबारा पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा व्यवस्था के साथ कराई जाएगी।छात्रों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और केवल NTA की आधिकारिक वेबसाइट और नोटिफिकेशन पर भरोसा करें।

Read More
Next Story