कश्‍मीर नक्शा विवाद: भारतीयों के आगे झुकी नेपाल एयरलाइन्स, मांगी माफी
x
फाइल फोटो।

कश्‍मीर नक्शा विवाद: भारतीयों के आगे झुकी नेपाल एयरलाइन्स, मांगी माफी

नेपाल की राष्ट्रीय विमानन कंपनी, 'नेपाल एयरलाइंस' को भारत के गलत मानचित्र के प्रकाशन के बाद भारी जन-आक्रोश का सामना करना पड़ा, जिसके बाद कंपनी ने माफी मांगी...


Click the Play button to hear this message in audio format

नेपाल की राष्ट्रीय विमानन कंपनी, 'नेपाल एयरलाइंस' को भारत के गलत मानचित्र के प्रकाशन के बाद भारी जन-आक्रोश का सामना करना पड़ा। एक प्रमोशनल ग्राफिक में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को भारत के हिस्से के रूप में न दिखाकर पाकिस्तान के नक्शे में दर्शाने पर उपजे विवाद के बाद, एयरलाइंस ने अब औपचारिक रूप से खेद प्रकट करते हुए अपनी गलती स्वीकार की है।

नेपाल एयरलाइंस का प्रमोशनल ग्राफिक और विवाद की जड़

विवाद की शुरुआत उस समय हुई, जब नेपाल एयरलाइंस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक नेटवर्क मैप और प्रचार संबंधी विज्ञापन साझा किया। इस विज्ञापन में दिखाए गए ग्राफिक में भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को पूरी तरह से पाकिस्तान की सीमाओं के भीतर दिखाया गया था। यह विवादास्पद तस्वीर देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गई। फेसबुक और एक्स पर मौजूद भारतीय यूजर्स ने इसे भारत की क्षेत्रीय संप्रभुता पर हमला बताया और एयरलाइंस की इस आक्रामकता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।

सोशल मीडिया पर बहिष्कार की उठी मांग

जैसे ही यह नक्शा सार्वजनिक हुआ, भारतीय उपयोगकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। सोशल मीडिया पर 'बॉयकोट नेपाल एयरलाइंस' के ट्रेंड चलने लगे। गुस्साए लोगों ने न केवल एयरलाइंस की निंदा की बल्कि भारत के विदेश मंत्रालय और नागरिक उड्डयन मंत्रालय से इस मामले में हस्तक्षेप करने और राजनयिक स्तर पर कड़ा विरोध दर्ज कराने की अपील भी की।

भारतीयों के इस तीव्र विरोध और बढ़ते दबाव को देखते हुए नेपाल एयरलाइंस ने अंततः 'एक्स' पर एक नया बयान जारी किया, जिसमें उन्होंने इस मानचित्र संबंधी गंभीर त्रुटि के लिए क्षमा मांगी है।

नेपाल एयरलाइंस का आधिकारिक स्पष्टीकरण

विमानन कंपनी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा...

"हाल ही में हमारे सोशल मीडिया चैनलों पर साझा किए गए नेटवर्क मैप में हुई अनजाने में हुई गलती के लिए हम तहे दिल से माफी मांगते हैं। इस मानचित्र में अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के चित्रण को लेकर कई बड़ी त्रुटियां थीं, जो न तो नेपाल सरकार और न ही नेपाल एयरलाइंस के आधिकारिक रुख या नीतियों का प्रतिनिधित्व करती हैं।"



एयरलाइंस ने आगे स्पष्ट किया कि जैसे ही उन्हें इस त्रुटि का आभास हुआ, उन्होंने तुरंत विवादित पोस्ट को हटा दिया। कंपनी ने यह भी आश्वासन दिया कि वे अपनी सामग्री की सटीकता और मानकों को सुनिश्चित करने के लिए एक आंतरिक समीक्षा कर रहे हैं। बयान में पड़ोसी देशों के साथ रिश्तों की अहमियत पर जोर देते हुए कहा गया, "हम इस क्षेत्र में अपने पड़ोसियों और मित्रों के साथ अपने प्रगाढ़ संबंधों को बहुत महत्व देते हैं। उस पोस्ट से किसी की भी भावनाओं को पहुंची ठेस के लिए हमें गहरा खेद है।"

जनता और मशहूर हस्तियों की प्रतिक्रिया

सोशल मीडिया पर भारतीयों का गुस्सा केवल पोस्ट हटाने मात्र से शांत नहीं हुआ था। एक यूजर ने इस घटना पर टिप्पणी करते हुए लिखा, "यह केवल एक छोटी सी चूक नहीं है। बल्कि क्षेत्रीय संप्रभुता का उल्लंघन है। एक राष्ट्रीय विमानन कंपनी से यह अपेक्षा की जाती है कि वह अंतरराष्ट्रीय सीमाओं जैसे संवेदनशील मामलों में अधिक जिम्मेदारी और गंभीरता दिखाए।"

भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता खेसारी लाल यादव ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सोशल मीडिया पर नेपाल एयरलाइंस को टैग करते हुए लिखा कि केवल पोस्ट डिलीट कर देने से जिम्मेदारी खत्म नहीं होती। उन्होंने सवाल किया, "माय डियर नेपाल एयरलाइंस, पोस्ट डिलीट करके भाग जाने से काम नहीं चलेगा। जवाब देना पड़ेगा। माफी मांगिए या फिर मंशा बताइए कि क्यों ऐसा किया? इतना शांत और अच्छा पड़ोसी आखिर किस मजबूरी में ऐसी गलती करने लगा।"

अंततः व्यापक विरोध और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छवि को बचाने के लिए नेपाल एयरलाइंस को भारतीयों के स्वाभिमान के आगे झुकना पड़ा और अपनी गलती को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करना पड़ा।

Read More
Next Story