
1 जनवरी से नहीं रहेंगे पुराने नियम! हर घर पर असर डालेंगे ये 10 बड़े बदलाव
New Rules 2026: नया साल कई बड़े बदलाव लेकर आ रहा है। इसलिए जरूरी है कि आप समय रहते अपने जरूरी काम निपटा लें, ताकि आगे किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
Rule Change 1 January 2026: जब घड़ी की सुइयां 12 बजाएंगी, तब सिर्फ साल नहीं बदलेगा… आपकी ज़िंदगी के कई नियम भी बदल जाएंगे। 1 जनवरी 2026 की सुबह गैस सिलेंडर से लेकर आपकी सैलरी, पैन कार्ड से लेकर बैंक और यूपीआई तक, सब कुछ पहले जैसा नहीं रहेगा। कुछ बदलाव आपकी जेब पर भारी पड़ सकते हैं तो कुछ राहत भी दे सकते हैं। इसलिए नए साल की शुभकामनाएं देने से पहले जान लीजिए, वो 10 बड़े बदलाव, जो हर घर और हर जेब पर सीधा असर डालने वाले हैं।
1. PAN कार्ड हो सकता है बेकार
आधार और पैन कार्ड को लिंक करने की आखिरी तारीख 31 दिसंबर 2025 है। अगर आपने अब तक यह काम नहीं किया है तो 1 जनवरी 2026 से आपका पैन कार्ड निष्क्रिय (Deactivated) हो सकता है। पैन निष्क्रिय होने पर आप ITR फाइल, बैंकिंग काम, रिफंड और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाएंगे। यह नियम उन लोगों पर लागू है, जिनका पैन कार्ड 1 अक्टूबर 2024 से पहले जारी हुआ था।
2. LPG सिलेंडर के दाम
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एलपीजी सिलेंडर के दाम तय करती हैं। 1 जनवरी 2026 को भी घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बदलाव हो सकता है, जिसका सीधा असर आपकी रसोई के बजट पर पड़ेगा।
3. ATF, CNG और PNG की कीमतों में बदलाव
एलपीजी के साथ-साथ हवाई ईंधन (ATF), CNG और PNG के दाम भी 1 जनवरी से बदल सकते हैं। ATF महंगा हुआ तो हवाई टिकट भी महंगे हो सकते हैं।
4. नया इनकम टैक्स कानून
सरकार ने नया इनकम टैक्स एक्ट 2025 बनाया है। हालांकि, यह कानून 1 जनवरी से पूरी तरह लागू नहीं होगा, लेकिन जनवरी में नए ITR फॉर्म और नियम जारी किए जाएंगे। यह नया कानून 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा और पुराने 1961 के टैक्स कानून की जगह लेगा। इसमें टैक्स प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा।
5. 8वां वेतन आयोग
केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए बड़ी खबर है। 7वां वेतन आयोग 31 दिसंबर 2025 को खत्* हो रहा है और उम्मीद है कि 1 जनवरी 2026 से 8वां वेतन आयोग लागू किया जा सकता है। हालांकि, बढ़ी हुई सैलरी और पेंशन मिलने में थोड़ा समय लग सकता है, लेकिन इसका फायदा 1 जनवरी 2026 से जोड़कर दिया जाएगा।
6. कार खरीदना होगा महंगा
नए साल से कई बड़ी ऑटो कंपनियां कारों की कीमत बढ़ाने जा रही हैं। निसान, BMW, MG मोटर्स, रेनॉल्ट, JSW और एथर जैसी कंपनियों ने ₹3000 से लेकर 3% तक दाम बढ़ाने का ऐलान किया है। टाटा मोटर्स और होंडा भी कीमतें बढ़ा सकती हैं।
7. PM किसान योजना के नियम
कुछ राज्यों में अब PM किसान योजना का लाभ लेने के लिए यूनिक किसान ID जरूरी होगी। इसके अलावा, अगर फसल को जंगली जानवरों से नुकसान होता है और उसकी रिपोर्ट 72 घंटे के अंदर की जाती है तो बीमा का लाभ मिल सकता है।
8. UPI, बैंक, FD, लोन और SIM से जुड़े बदलाव
1 जनवरी से UPI और डिजिटल पेमेंट के नियम सख्त होंगे। फ्रॉड रोकने के लिए SIM वेरिफिकेशन के नियम भी कड़े किए जाएंगे। इसके साथ ही SBI, PNB और HDFC बैंक की कम की गई लोन ब्याज दरें लागू होंगी और नई FD ब्याज दरें भी शुरू होंगी।
9. ऑस्ट्रेलिया को Zero Tariff निर्यात
1 जनवरी 2026 से ऑस्ट्रेलिया भारत से आने वाले 100% सामान पर टैक्स नहीं लगाएगा। इससे भारतीय निर्यातकों को बड़ा फायदा होगा और भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
10. जनवरी में ज्यादा बैंक छुट्टियां
जनवरी 2026 में कई बैंक छुट्टियां रहेंगी। RBI की सूची के अनुसार, मकर संक्रांति से लेकर गणतंत्र दिवस तक करीब 16 दिन बैंक बंद रह सकते हैं (राज्य अनुसार छुट्टियां अलग होंगी)। हालांकि, ऑनलाइन बैंकिंग सेवाएं 24×7 चालू रहेंगी।

