
चीन सीमा के पास इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप, आपदा में बनेगी लाइफलाइन
असम के डिब्रूगढ़ में मोरन बाईपास पर पहली हाईवे आधारित इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी शुरू, आपदा और सामरिक जरूरतों में बड़ी मदद मिलेगी ।
What is Emergency Landing Facility: पूर्वोत्तर भारत को सामरिक रूप से मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए असम के डिब्रूगढ़ जिले में मोरन बाईपास पर इमरजेंसी लैंडिंग फैसिलिटी (ELF) का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने असम दौरे के दौरान इस परियोजना का उद्घाटन किया और इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। इस अवसर पर फाइटर जेट, ट्रांसपोर्ट विमान और हेलीकॉप्टरों का आकर्षक हवाई प्रदर्शन भी आयोजित किया गया। पूर्वोत्तर क्षेत्र में यह अपनी तरह की पहली हाईवे आधारित लैंडिंग सुविधा है।
यह सुविधा आपातकालीन परिस्थितियों में सैन्य और नागरिक दोनों तरह के विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ को संभव बनाएगी। भविष्य की सामरिक जरूरतों और प्राकृतिक आपदाओं को ध्यान में रखते हुए इसे तैयार किया गया है, ताकि संकट की घड़ी में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
आपदा और सुरक्षा में अहम भूमिका
मोरन बाईपास पर विकसित यह ELF भारतीय वायुसेना के सहयोग से विशेष रूप से डिजाइन की गई है। इसका उद्देश्य आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है। प्राकृतिक आपदाओं, राहत अभियानों या सामरिक चुनौतियों के समय यह सुविधा तेज और सुगम ऑपरेशन में मददगार साबित होगी।
केंद्र सरकार की नीति के अनुरूप इसे डुअल-यूज इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित किया गया है। यह 40 टन तक के फाइटर विमानों और 74 टन तक के अधिकतम टेक-ऑफ वजन वाले ट्रांसपोर्ट विमानों को संभालने की क्षमता रखती है।
देश में अन्य स्थानों पर भी व्यवस्था
डिब्रूगढ़ के अलावा देश में पांच अन्य स्थानों पर हाईवे आधारित इमरजेंसी लैंडिंग सुविधाएं मौजूद हैं। इनमें राजस्थान के बाड़मेर (NH-925A), उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, ओडिशा के बालासोर (NH-16) तथा आंध्र प्रदेश के नेल्लोर (NH-16) शामिल हैं।
भारतीय वायुसेना और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) देशभर में 28 स्थानों पर ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना पर कार्य कर रहे हैं। असम में स्थापित यह ELF विशेष रूप से रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह चीन सीमा के अपेक्षाकृत निकट स्थित है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से अहम भूमिका निभा सकती है।

