
हम अपनी कोशिश जारी रखेंगे, महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर करेंगे- PM मोदी
महिला आरक्षण को लेकर देश की सियासत में आए भूचाल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित कर रहे हैं। लोकसभा में 131वें संविधान संशोधन विधेयक के गिरने के ठीक एक दिन बाद हो रहा यह संबोधन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
PM Modi Address To Nation: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक के लोकसभा में गिरने और संसद की हालिया घटनाओं पर चर्चा की। 131वें संविधान संशोधन विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जिससे यह जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने में विफल रहा। इस विधेयक का उद्देश्य सीटों की संख्या बढ़ाकर 2029 तक आरक्षण लागू करना था, जिसे विपक्ष ने परिसीमन से जोड़ने के कारण 'चालाकी' करार दिया है। कांग्रेस ने सरकार पर अपना रुख बदलने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वे हमेशा से बिना किसी शर्त के महिला आरक्षण को तत्काल लागू करने के पक्ष में रहे हैं। अब सबकी नजरें पीएम मोदी के संबोधन पर टिकी हैं कि वे इस राजनीतिक गतिरोध और भविष्य की रणनीति पर क्या कहते हैं। इस संबोधन से जुड़े पल-पल के अपडेट्स जानने के लिए जुड़े रहिए द फेडरल देश के साथ...
Live Updates
- 18 April 2026 9:04 PM IST
कांग्रेस ने हर कदम पर अड़ंगा डाला - PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा, "कांग्रेस देशहित में लिए गए हर फैसले का विरोध करती है। चाहे अनुच्छेद 370 को हटाना हो, 'वन नेशन वन इलेक्शन' की बात हो या फिर सीएए (CAA) कानून—कांग्रेस ने हर कदम पर अड़ंगा डाला और देश में भ्रम पैदा करने की कोशिश की। यहाँ तक कि माओवादी और नक्सली हिंसा को खत्म करने के प्रयासों में भी कांग्रेस रुकावट बनती है।
इतिहास गवाह है कि कांग्रेस ने हमेशा नकारात्मक राजनीति का रास्ता चुना है। आजादी के समय हमारे साथ आजाद हुए कई देश आज हमसे बहुत आगे निकल गए हैं, और इसकी बड़ी वजह कांग्रेस का 'लटकाने, अटकाने और भटकाने' वाला कल्चर रहा है। कांग्रेस ने पड़ोसी देशों के साथ सीमा विवादों को भी सुलझाने के बजाय सालों-साल लटकाए रखा।" - 18 April 2026 9:01 PM IST
एक महिला सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती - PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "एक महिला सब कुछ भूल सकती है, लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलती। संसद में कांग्रेस और उसके साथी दलों ने जो बर्ताव किया है, उसका दर्द हर महिला के मन में हमेशा रहेगा। समाजवादी पार्टी ने जो किया है, उसे भी देश की महिलाएं कभी नहीं भूलेंगी।"
- 18 April 2026 8:51 PM IST
परिसीमन पर विपक्ष ने लगातार झूठ बोला - PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कांग्रेस हमेशा से कोई न कोई अड़ंगा लगाकर महिलाओं के अधिकारों को छीनती आई है और देश अब राजनीति के इस तरीके को अच्छी तरह समझ चुका है। ये विपक्षी दल कभी नहीं चाहते कि उनके अपने परिवार के बाहर की कोई भी महिला आगे बढ़े, क्योंकि इन परिवारवादी पार्टियों के मन में असुरक्षा की भावना भरी हुई है।उन्हें डर है कि परिसीमन के बाद महिलाओं के लिए ज्यादा सीटें होंगी और उनका कद बढ़ जाएगा, इसीलिए उन्होंने इस बिल का विरोध किया है। देश की महिलाएं कांग्रेस और उसके साथियों को कभी माफ नहीं करेंगी। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल परिसीमन को लेकर लगातार झूठ फैला रहे हैं और देश में बंटवारे की आग लगाना चाहते हैं। 'बांटो और राज करो' की जो नीति कांग्रेस ने अंग्रेजों से सीखी थी, वह आज भी उसी पर चल रही है। यह राजनीति देश में नफरत और दरार पैदा करने वाली सोच को बढ़ावा देती है।" - 18 April 2026 8:46 PM IST
हमारे लिए देश का हित सबसे ऊपर है - PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमारे लिए देश का हित ही सबसे ऊपर है। लेकिन जब कुछ लोगों के लिए अपनी पार्टी का स्वार्थ ही सब कुछ बन जाता है और पार्टी का हित देश के हित से बड़ा हो जाता है, तो इसका नुकसान देश और हमारी नारी शक्ति को भुगतना पड़ता है। इस बार भी बिल्कुल यही हुआ। कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों की स्वार्थी राजनीति की वजह से आज देश की महिलाओं को अपना हक खोना पड़ा है।"
- 18 April 2026 8:45 PM IST
विपक्ष ने महिलाओं के सपने को तोड़ा- PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज मैं खास तौर पर अपनी बहनों और बेटियों से बात करने आया हूं। आज पूरा देश देख रहा है कि कैसे भारत की महिलाओं की तरक्की की उड़ान को रोक दिया गया और उनके अरमानों का गला घोंटा गया। हमने पूरी कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद हम सफल नहीं हो पाए और 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' संसद में पास नहीं हो सका। इसके लिए मैं अपनी सभी माताओं और बहनों से माफी मांगता हूं।"
- 18 April 2026 8:38 PM IST
बिल गिरा तो मुझे भी दुख हुआ- PM मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा कि कल देश की करोड़ों महिलाओं की निगाहें संसद पर टिकी हुई थीं। उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि जब महिलाओं के हित का प्रस्ताव सदन में गिर गया, तो उस समय कुछ दलों के लोग खुशी में तालियां बजा रहे थे। ये देखकर मुझे दुख हुआ, ये नारी शक्ति का अपमान था।
- 18 April 2026 8:30 PM IST
DMK और कांग्रेस को परेशानी क्यों? PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कोयंबटूर में कहा, "आज रात देश को संबोधित करने से पहले मैं यह पूछना चाहता हूँ कि महिलाओं को आगे बढ़ते देख डीएमके और कांग्रेस को इतनी परेशानी क्यों होती है? पहले डीएमके ने कहा था कि सीटों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखना चाहिए, और जब हमने वही प्रस्ताव रखा, तो वे अपनी बात से पलट गए। असल में, ये परिवारवादी पार्टियां चाहती हैं कि सारी ताकत और पावर सिर्फ उनके अपने परिवार तक ही सिमट कर रह जाए।"
- 18 April 2026 8:20 PM IST
महिला आरक्षण पर विस्तार से बात करने वाला हूं: PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कोयंबटूर में कहा, "इस कार्यक्रम के बाद आज रात 8:30 बजे मैं देश को संबोधित करूँगा और महिला आरक्षण के विषय पर विस्तार से अपनी बात रखूँगा। आज डीएमके (DMK) के पास जनता को बताने के लिए न तो कोई उपलब्धि है और न ही कोई असली मुद्दा बचा है। यही वजह है कि वे तमिलनाडु की सीटों में कमी होने का झूठा डर फैलाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
- 18 April 2026 8:19 PM IST
मैंने विपक्ष से कहा, क्रेडिट भी ले सकते हैं - PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमने 2023 में संसद में ‘नारी शक्ति अधिनियम’ पास किया था। इस महीने की 16 तारीख को हमने एक ऐतिहासिक कदम उठाया ताकि संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण मिल सके। मैंने तो विपक्ष से यहाँ तक कह दिया कि वे चाहें तो इसका पूरा क्रेडिट (श्रेय) ले लें। मुझे क्रेडिट की परवाह नहीं है, मैं तो बस यही चाहता हूँ कि हमारी बहनें और बेटियाँ ज्यादा से ज्यादा संख्या में संसद पहुँचें।"
- 18 April 2026 8:17 PM IST
यह हमारी लड़ाई का अंत नहीं, शुरुआत है: पीएम मोदी
महिला आरक्षण के मुद्दे पर यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है, बल्कि यह तो बस एक शुरुआत है। पीएम मोदी अब से कुछ ही देर में देश को संबोधित करने वाले हैं और माना जा रहा है कि वे संसद में महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वाले दलों को कड़ा जवाब देंगे। तमिलनाडु की रैली में उन्होंने इसके साफ संकेत दे दिए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज तमिलनाडु में महिलाएं और छोटी बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने डीएमके (DMK) पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी की सोच महिला-विरोधी है और वे संसद में भी महिलाओं के हक में खड़े नहीं होते। पीएम ने चेतावनी दी कि अब डीएमके की इस मानसिकता को जोरदार तरीके से चुनौती दी जाएगी और जनता इसका निश्चित रूप से जवाब देगी।

