
NEET विवाद पर राहुल गांधी का हमला, बोले- शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाओ
NEET-UG 2026 पेपर लीक विवाद पर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को घेरते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने की मांग की।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG 2026 को लेकर देशभर में बवाल बढ़ता जा रहा है। लाखों छात्रों और अभिभावकों के बीच गुस्सा और निराशा का माहौल है। इसी बीच विपक्ष ने भी केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलना शुरू कर दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर सीधा निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा,
“NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है। पर मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे। धर्मेंद्र प्रधान जी को अभी हटाइए, या जवाबदेही खुद लीजिए। Modi ji, SACK Dharmendra Pradhan ji NOW।”
राहुल गांधी के इस बयान के बाद NEET परीक्षा को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है। विपक्ष लगातार यह आरोप लगा रहा है कि सरकार देश की सबसे अहम प्रतियोगी परीक्षाओं की विश्वसनीयता बचाने में विफल रही है।दरअसल, NEET-UG 2026 परीक्षा इस बार बड़े विवादों में घिर गई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की जांच में यह खुलासा हुआ है कि परीक्षा से पहले बायोलॉजी के सवाल कथित तौर पर लीक किए गए थे। इस मामले में पुणे की एक सीनियर बॉटनी टीचर मनीषा गुरुनाथ मंधारे को गिरफ्तार किया गया है, जो खुद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से नियुक्त एक्सपर्ट थीं।
CBI के मुताबिक, मनीषा मंधारे को बॉटनी और जूलॉजी प्रश्न पत्रों तक विशेष पहुंच हासिल थी। आरोप है कि उन्होंने इसी जिम्मेदारी का गलत इस्तेमाल करते हुए चुनिंदा छात्रों तक परीक्षा से पहले सवाल पहुंचाए। जांच एजेंसी का दावा है कि पुणे में गुप्त कोचिंग सेशन भी आयोजित किए गए, जहां छात्रों को वही सवाल पढ़ाए गए जो बाद में वास्तविक परीक्षा में पूछे गए।
इस पूरे मामले ने देशभर में परीक्षा प्रणाली और NTA की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 22 लाख छात्रों ने NEET-UG 2026 परीक्षा दी थी और अब लाखों छात्रों को अपने भविष्य को लेकर चिंता सता रही है।विपक्ष का आरोप है कि यह केवल पेपर लीक का मामला नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की है। उनका कहना है कि अगर इतनी बड़ी परीक्षा में बार-बार गड़बड़ी सामने आ रही है, तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
हालांकि केंद्र सरकार और NTA की ओर से लगातार यह कहा जा रहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। CBI ने देशभर में कई जगहों पर छापेमारी की है और अब तक कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।इसके बावजूद छात्रों और अभिभावकों के बीच भरोसे का संकट गहराता जा रहा है। सोशल मीडिया पर भी #NEET_Scam और #SackDharmendraPradhan जैसे हैशटैग तेजी से ट्रेंड कर रहे हैं।

