
‘मेलोडी’ वीडियो पर सियासत तेज, राहुल बोले- ये नेतृत्व नहीं नौटंकी
इटली में PM मोदी के ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट पर राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि देश आर्थिक संकट में है और PM रील बना रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे और ‘मेलोडी’ टॉफी वाले वायरल वीडियो को लेकर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, जबकि प्रधानमंत्री विदेश दौरे पर टॉफी बांटने और रील बनाने में व्यस्त हैं।
राहुल गांधी का हमला
राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा “आर्थिक तूफ़ान सर पर है, और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफ़ी बाँट रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएँ, मज़दूर और छोटे व्यापारी सब रो रहे हैं — PM हंसकर रील बना रहे हैं, और BJP वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।”राहुल गांधी के इस बयान के बाद राजनीतिक बहस तेज हो गई है। कांग्रेस और विपक्षी दल इसे देश के गंभीर आर्थिक और सामाजिक मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश बता रहे हैं, जबकि बीजेपी समर्थक इसे प्रधानमंत्री मोदी और इटली की प्रधानमंत्री के बीच दोस्ताना कूटनीतिक संबंधों का हिस्सा बता रहे हैं।
क्या है पूरा ‘Melodi’ मामला?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों इटली दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni को लोकप्रिय ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट की।इस खास पल का वीडियो खुद जॉर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया। वीडियो में दोनों नेता मुस्कुराते और हंसते नजर आते हैं। पीएम मोदी कैमरे के सामने ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट दिखाते हैं, जिसके बाद दोनों हंस पड़ते हैं।
वीडियो शेयर करते हुए मेलोनी ने लिखा “Thank you for the gift.”यह वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और #Melodi फिर ट्रेंड करने लगा।
क्यों खास है ‘Melodi’?
‘Melodi’ शब्द सोशल मीडिया पर पहले से ही लोकप्रिय है। यह इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni और भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi के नामों को जोड़कर बनाया गया है Meloni + Modi = Melodi
पिछले कुछ वर्षों में दोनों नेताओं की मुलाकातों और सोशल मीडिया पोस्ट्स के बाद यह हैशटैग काफी वायरल हुआ था। इससे पहले भी जॉर्जिया मेलोनी ने एक सेल्फी वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था — “Hello from the Melodi team।”अब पीएम मोदी द्वारा ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट करना उसी वायरल ट्रेंड की तरफ मजाकिया इशारा माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
राहुल गांधी के बयान के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ यूजर्स प्रधानमंत्री के इस हल्के-फुल्के अंदाज को सकारात्मक कूटनीति बता रहे हैं, जबकि विपक्ष इसे देश के असली मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश करार दे रहा है।

