NEET पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, बोला- अब तक कोई सबक नहीं
x

NEET पेपर लीक पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, बोला- अब तक कोई सबक नहीं

नीट पेपर लीक मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्र, NTA और CBI से जवाब मांगा गया, जबकि विपक्ष ने शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा।


देशभर में चर्चा का विषय बने नीट यूजी पेपर लीक मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कड़ी टिप्पणी की है। अदालत ने कहा कि यह बेहद दुखद है कि इतने बड़े विवादों के बावजूद व्यवस्था ने कोई सबक नहीं सीखा।जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की विशेष बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही है। सुप्रीम कोर्ट विभिन्न याचिकाओं पर एक साथ सुनवाई कर रहा है, जिनमें राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को भंग करने से लेकर निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग शामिल है।

केंद्र, NTA और CBI से मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार, एनटीए और केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिकाओं में मांग की गई है कि मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के संचालन के लिए एनटीए की जगह एक अधिक मजबूत, पारदर्शी और स्वायत्त संस्था बनाई जाए।सुनवाई के दौरान अदालत ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता और छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर चिंता जताई।

विपक्ष ने मांगा शिक्षा मंत्री का इस्तीफा

नीट पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने इसे केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ किया गया जघन्य अपराध बताया।उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।सचिन पायलट ने कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए लाखों रुपये का कर्ज लेते हैं और बेहतर भविष्य का सपना देखते हैं, लेकिन भ्रष्ट व्यवस्था ने उनका भरोसा तोड़ दिया है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब छात्र और उनके परिवार न्याय की मांग कर रहे थे, तब पुलिस और प्रशासन ने उनके साथ संवेदनहीन व्यवहार किया।

महाराष्ट्र में छात्रा की आत्महत्या का मामला

इसी बीच महाराष्ट्र के लातूर जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। एक किसान ने दावा किया है कि डॉक्टर बनने का सपना देख रही उसकी 18 वर्षीय बेटी ने नीट-यूजी 2026 परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक विवाद के कारण मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर ली।पुलिस के अनुसार, गोंडेगांव गांव निवासी मैथिली अशोक सोनवणे ने 16 मई की सुबह अपने खेत में एक पेड़ से कथित तौर पर फांसी लगा ली।अधिकारियों ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छात्रा के पिता के दावे की जांच शुरू कर दी है।

परीक्षा प्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

नीट पेपर लीक विवाद ने देश की परीक्षा प्रणाली और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी है, जबकि अदालत अब इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में जवाब तलाश रही है।

Read More
Next Story