
क्या है नंबर 16 का रहस्य? संसद में राहुल गांधी की पहेली से सोशल मीडिया पर मचा कोहराम
संसद के विशेष सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने नंबर 16"का जिक्र कर एक नई बहस छेड़ दी है। राहुल ने लोगों को इसे सोशल मीडिया पर डिकोड करने की चुनौती दी।
संसद में अक्सर तीखी बहसें और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिलते हैं, लेकिन शुक्रवार को लोकसभा में जो हुआ, उसने सबको चकरा कर रख दिया। परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े तीन विधेयकों पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी स्पीच का अंत एक ऐसी पहेली के साथ किया, जिसने सोशल मीडिया पर कयासों का सैलाब ला दिया है। राहुल गांधी ने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "इस पूरी पहेली का जवाब 'नंबर 16' में है। सब कुछ नंबर 16 में ही छिपा है।" राहुल का यह बयान किसी के लिए भी समझना आसान नहीं था। उन्होंने इसे एक रहस्य की तरह पेश किया और लोगों से कहा कि अगर किसी को यह समझ आ जाए, तो वे 'X' (ट्विटर) पर उन्हें मैसेज करें या साझा करें।
पीएम मोदी पर तंज और '16 अप्रैल' का कनेक्शन
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, "कल मैं प्रधानमंत्री को बोलते हुए देख रहा था। उनकी एनर्जी बहुत कम थी, वे टूटे हुए लग रहे थे। कुछ भी ट्रांसमिट नहीं हो रहा था।" राहुल ने आगे कहा कि तभी उन्होंने अपने फोन में तारीख देखी 16 अप्रैल!
उन्होंने दावा किया कि इसी पल उन्हें सब कुछ समझ आ गया। राहुल के शब्दों में, "मैंने देखा 16 अप्रैल और मुझे लगा, 'हे भगवान, यह कितना पागलपन भरा है। यही वो नंबर है। सोलह! पहेली का पूरा जवाब नंबर 16 में है। आपकी समस्याओं का समाधान भी इसी में है और आपको बहुत जल्द इसका पता चल जाएगा।"
सोशल मीडिया पर छिड़ा 'गेस वर्क'
राहुल गांधी के इस बयान के बाद इंटरनेट पर 'वाइल्ड गूज चेज' (अंधी दौड़) शुरू हो गई। लोग अलग-अलग कयास लगाने लगे। किसी ने कहा कि यह टीडीपी (TDP) के 16 सांसदों की ओर इशारा है, तो किसी ने इसे किसी बड़े इंटरनेशनल स्कैंडल से जोड़ा।
लेकिन सबसे बड़ा धमाका तब हुआ जब कांग्रेस के आधिकारिक 'X' हैंडल ने एक बड़ा हिंट दिया। कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा, "Sixteen (16) सुनने में Epstein (एपस्टीन) जैसा लगता है, है ना?"
क्या है एपस्टीन कनेक्शन?
कांग्रेस के इस हिंट के बाद चर्चाएं तेज हो गईं कि क्या राहुल गांधी किसी अंतरराष्ट्रीय घोटाले की बात कर रहे हैं जिसमें दुनिया के कई शक्तिशाली लोग शामिल रहे हैं। हालांकि, राहुल गांधी ने खुद इसके बारे में विस्तार से कुछ नहीं कहा, बस इतना कहा कि "सच्चाई जल्द ही सामने आएगी।"
राहुल गांधी ने सरकार के कदमों को 'पैनिक रिएक्शन' (घबराहट में उठाया गया कदम) करार दिया। उन्होंने कहा कि सरकार को पता था कि यह बिल पास नहीं होगा, इसीलिए वे डरे हुए हैं और 16 अप्रैल की तारीख इस पूरी घबराहट का केंद्र है। राहुल गांधी के इस 'नंबर 16' वाले फॉर्मूले ने न केवल संसद की कार्यवाही को दिलचस्प बना दिया है, बल्कि सरकार के लिए एक नई मानसिक चुनौती भी खड़ी कर दी है। अब देखना यह है कि यह वाकई कोई बड़ा खुलासा है या केवल एक राजनीतिक मनोवैज्ञानिक युद्ध।

