IPL ट्रॉफी से एक कदम दूर RCB और गुजरात टाइटंस, आज होगा फैसला
x

IPL ट्रॉफी से एक कदम दूर RCB और गुजरात टाइटंस, आज होगा फैसला

आईपीएल 2026 के फाइनल में RCB और गुजरात टाइटंस आमने-सामने हैं। विराट कोहली, शुभमन गिल और रजत पाटीदार पर जीत की बड़ी जिम्मेदारी होगी।


आईपीएल 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है और आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीजन का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाएगा। खिताबी जंग में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। फाइनल मुकाबले से पहले दोनों टीमों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड, इस सीजन के प्रदर्शन और प्रमुख खिलाड़ियों पर नजर डालते हैं।

हेड-टू-हेड में RCB को मामूली बढ़त

आईपीएल इतिहास में अब तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और गुजरात टाइटंस के बीच कुल 9 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें आरसीबी ने 5 मैच जीते हैं, जबकि गुजरात टाइटंस ने 4 मुकाबलों में जीत हासिल की है।आरसीबी का गुजरात के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 254 रन रहा है, जो इसी सीजन के क्वालीफायर-1 में बना था। वहीं उसका न्यूनतम स्कोर 155 रन रहा है। आंकड़ों के अनुसार आरसीबी को 5-4 की मामूली बढ़त हासिल है, लेकिन आज का मुकाबला ट्रॉफी का फैसला करेगा।

इस सीजन में तीन बार हुई टक्कर

पहली भिड़ंत: विराट ने दिलाई जीत

24 अप्रैल को बेंगलुरु में दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला खेला गया। गुजरात टाइटंस ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 205/3 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम के लिए Sai Sudharsan ने 58 गेंदों पर शतक जड़ा।जवाब में विराट कोहली ने 44 गेंदों पर 81 रन और देवदत्त पडिक्कल ने 55 रन बनाकर आरसीबी को 7 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।

दूसरी भिड़ंत: गुजरात ने किया पलटवार

30 अप्रैल को अहमदाबाद में खेले गए दूसरे मुकाबले में गुजरात ने शानदार वापसी की। आरसीबी की मजबूत बल्लेबाजी को 155 रन पर रोकने के बाद गुजरात ने लक्ष्य को केवल 15.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

क्वालीफायर-1: आरसीबी का दबदबा

26 मई को धर्मशाला में खेले गए क्वालीफायर-1 में आरसीबी ने एकतरफा जीत दर्ज की। कप्तान Rajat Patidar ने मात्र 33 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसकी बदौलत टीम ने 254 रन का विशाल स्कोर बनाया।जवाब में गुजरात टाइटंस 162 रन पर सिमट गई और आरसीबी ने 92 रन से जीतकर सीधे फाइनल में जगह बना ली।

इन खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें

विराट कोहली

विराट कोहली गुजरात टाइटंस के खिलाफ सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने इस टीम के खिलाफ अब तक 460 रन बनाए हैं और उनका औसत 60 से अधिक का रहा है। गुजरात के खिलाफ यह उनका सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड है।

रजत पाटीदार

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार शानदार फॉर्म में हैं। क्वालीफायर-1 में उनकी 93 रन की विस्फोटक पारी ने टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

शुभमन गिल

दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की उम्मीदें कप्तान शुभमन गिल पर टिकी होंगी। गिल इस सीजन में 15 मैचों में 722 रन बना चुके हैं और टीम की बल्लेबाजी के मुख्य स्तंभ हैं।

मोहम्मद सिराज

गुजरात के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज भी मैच के बड़े गेमचेंजर साबित हो सकते हैं। सिराज इस सीजन में 18 विकेट ले चुके हैं। लंबे समय तक आरसीबी का हिस्सा रहने के कारण वे टीम के बल्लेबाजों की ताकत और कमजोरियों से अच्छी तरह वाकिफ हैं।

ट्रॉफी के लिए अंतिम जंग

दोनों टीमों के बीच इस सीजन की प्रतिद्वंद्विता बेहद रोमांचक रही है। एक ओर आरसीबी अपने खिताब का बचाव करना चाहेगी, तो दूसरी ओर गुजरात टाइटंस दूसरी बार आईपीएल चैंपियन बनने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

अब देखना दिलचस्प होगा कि अहमदाबाद के विशाल मैदान पर कौन सी टीम दबाव को बेहतर तरीके से संभालते हुए आईपीएल 2026 की ट्रॉफी अपने नाम करती है।

Read More
Next Story