
SIR पर राहुल की कानूनी लड़ाई में बड़ा मोड़! CEC समेत तीनों आयुक्तों को SC का नोटिस
देश की राजनीति, संसद, सुप्रीम कोर्ट, चुनाव आयोग, सरकार और विपक्ष से जुड़ी हर बड़ी खबर के साथ 15 अक्टूबर के प्रमुख घटनाक्रमों के पल-पल के अपडेट्स पढ़ें।
Live Updates
- 15 Oct 2026 3:33 PM IST
राहुल गांधी को भी नोटिस
बाराखंभा से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस को नोटिस जारी किया गया है। CJI सूर्यकांत ने गुरुवार को कहा कि कोई भी सुप्रीम कोर्ट को डराने या धमकाने की कोशिश नहीं कर सकता। CJI ने सुप्रीम कोर्ट में SIR के विरोध प्रदर्शन और मार्च से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान यह टिप्पणी की। राहुल गांधी और 13 अन्य की याचिका पर कोर्ट ने केंद्र और चुनाव आयोग (ECI) को भी नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। सुप्रीम कोर्ट ने राहुल का नाम लिए बिना यह भी कहा कि याचिकाकर्ताओं में से एक से उसके आचरण के बारे में सवाल करना चाहते हैं। उन्हें सफाई देनी होगी। याचिका दायर करने से पहले INDIA ब्लॉक ने 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट तक मार्च किया था।
- 15 Oct 2026 1:20 PM IST
सुप्रीम कोर्ट का चुनाव आयोग को नोटिस
सुप्रीम कोर्ट ने भारत निर्वाचन आयोग (ECI) और अन्य को नोटिस जारी किया है। यह नोटिस लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और INDIA गठबंधन के अन्य नेताओं की याचिका पर दिया गया है, जिसमें चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) और कथित तौर पर मतदाताओं के नाम हटाए जाने को चुनौती दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी और अन्य की याचिका पर ECI, मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञान कुमार, और चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू तथा विवेक जोशी से जवाब मांगा है।
- 15 Oct 2026 10:48 AM IST
SIR विवाद पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई, राहुल गांधी की याचिका पर सबकी नजर
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर आज, 15 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट में अहम सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्य बागची की बेंच राहुल गांधी और विपक्षी नेताओं की याचिका सुनेगी। याचिका में बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम हटाने का आरोप लगाते हुए स्वतंत्र ऑडिट, चुनाव आयोग के विवादित फैसलों के रिकॉर्ड सार्वजनिक करने और SIR पर अंतरिम रोक की मांग की गई है। बिना नोटिस नाम हटाने पर रोक लगाने की भी मांग है। अदालत दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और मेट्रो सेवाओं पर पाबंदियों से जुड़ी याचिकाएं भी सुनेगी।
- 15 Oct 2026 9:41 AM IST
दीपके ने साधा निशाना
अंकिता भंडारी के माता-पिता समेत कई लोगों को गुरुवार तड़के इंडिया गेट पर हिरासत में लिए जाने को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। हालांकि, कुछ देर बाद सभी को छोड़ दिया गया।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे अमानवीय बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "यह हम सभी के लिए शर्म की बात होनी चाहिए। अंकिता भंडारी के माता-पिता इस तरह के अमानवीय बर्ताव के हकदार नहीं हैं।" उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार अपने ही नागरिकों के साथ इतनी क्रूरता क्यों कर रही है।
वहीं, कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता के माता-पिता को न्याय दिलाने के बजाय मामले के मुख्य अभियुक्त को राज्यपाल बनाया जा रहा है और न्याय की मांग कर रहे माता-पिता के साथ बेरहमी की जा रही है।

