x

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग, तीन संदिग्ध हिरासत में

मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में पुलिस CCTV फुटेज और संदिग्धों के सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।


मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर रविवार शाम हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक्टर के घायल ड्राइवर फिरदौस का बयान दर्ज किया है। घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश के लिए 15 पुलिस टीमें बनाई गई हैं।

रविवार शाम हुई गोलीबारी
घटना रविवार, 18 अक्टूबर को शाम करीब सात बजे जुहू के पुष्पा पार्क के पास हुई। टाइगर श्रॉफ वहां फुटबॉल खेलने गए थे। खेल के बाद जब वह अपनी कार से निकल रहे थे, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग की।

पुलिस के मुताबिक, टाइगर को गोली नहीं लगी। लेकिन उन्हें चोट आई है। उनके ड्राइवर फिरदौस के बाएं हाथ में गोली लगी। एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुआ। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल दूसरे व्यक्ति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। उसकी पहचान को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में अलग अलग दावे हैं।

CCTV फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, CCTV फुटेज में दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस को शक है कि हमलावरों ने वारदात से पहले टाइगर की गतिविधियों पर नजर रखी होगी। रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता नियमित रूप से रविवार को वहां फुटबॉल खेलने जाते थे।

फायरिंग के बाद हमलावर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस उनकी भागने की दिशा और रास्ते में लगे कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। अंधेरी पश्चिम रेलवे स्टेशन के पास एक लावारिस मोटरसाइकिल मिलने की भी रिपोर्ट है। हालांकि, उसका हमले से संबंध जांच का विषय है।

बिश्नोई गैंग के नाम से जिम्मेदारी का दावा
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक फायरिंग के बाद सोशल मीडिया पर अनिल पंडित और हरमन संधू के नाम से एक संदेश सामने आया, जिसमें हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। संदेश में सलमान खान के साथ काम करने वाले लोगों को भी कथित तौर पर धमकी दी गई।

हालांकि, पुलिस ने अभी इस दावे की प्रामाणिकता और लॉरेंस बिश्नोई गैंग की भूमिका की पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसियां हमलावरों की पहचान और हमले के मकसद का पता लगाने में जुटी हैं।

सरकार ने दिए कार्रवाई के निर्देश
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई पुलिस आयुक्त से घटना की जानकारी ली। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने रविवार रात टाइगर श्रॉफ के घर जाकर उनसे मुलाकात की और उनका हाल जाना। इसके बाद उन्होंने कहा कि फायरिंग की घटना गंभीर और निंदनीय है। शिंदे के मुताबिक, टाइगर की कार पर पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन बारूद और कांच के टुकड़ों से उनके हाथ में चोट आई, जबकि उनके ड्राइवर को गोली लगी। शिंदे ने कहा कि सरकार टाइगर और उनके परिवार के साथ है और सार्वजनिक हस्तियों को धमकाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुंबई में 1990 के दशक की तरह गैंगवार दोबारा शुरू नहीं होने देने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा भी दिया। शिंदे ने स्पष्ट कहा कि मुंबई में किसी की भी दादागिरी नहीं चलने देंगे।

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में तीन संदिग्ध गिरफ्तार
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर मुंबई के जुहू इलाके में हुई फायरिंग के मामले में राजस्थान पुलिस ने तीन संदिग्धों को कोटा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरफ्तार किया है। कोटा की एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, दो आरोपी हरियाणा और एक बिहार का रहने वाला है। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की गतिविधियों की रेकी की थी। फायरिंग के दौरान अभिनेता सुरक्षित रहे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए। पुलिस लॉरेंस बिश्नोई गैंग से संदिग्धों के कथित संबंधों की भी जांच कर रही है।

Read More
Next Story