
दिल्ली में स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
छात्रा मैनपुरी से नोएडा जा रही थी। भारी बारिश और अंधेरे के बीच वह रास्ता भटक गई और ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। वहां उसने एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया।
दिल्ली में एक नाबालिग छात्रा के साथ चलती स्लीपर बस में कथित गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया है। घटना 4 अगस्त की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने बस को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 16 वर्षीय पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है और कक्षा 11 की छात्रा है। परिवार में झगड़ा होने पर बिना बताए नोएडा में कजिन के घर के लिए बस से निकली।
बस में दरिंदगी
भारी बारिश और अंधेरे के बीच वह रास्ता भटक गई और ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। वहां उसने एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया।
आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे नोएडा के सेक्टर-63 तक छोड़ने की बात कहकर बस में बैठा लिया। इसके बाद बस आगे बढ़ी और दोनों ने छात्रा के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार, छात्रा ने आरोप लगाया है कि विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि बस करीब 47 किलोमीटर का सफर तय करते हुए परी चौक से दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके तक पहुंची। आरोप है कि इसी दौरान बस के भीतर वारदात हुई। बस में लगे पर्दों की वजह से बाहर से अंदर का दृश्य दिखाई नहीं देता था।
कश्मीरी गेट पर लड़की को छोड़ा
कश्मीरी गेट के पास पहुंचने के बाद छात्रा को कथित तौर पर बस से उतार दिया गया। इसके बाद उसने पुलिस से संपर्क किया और घटना की जानकारी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और बस की पहचान के बाद ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में एक पार्किंग से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर निजी और स्लीपर बसों में यात्रियों की सुरक्षा, निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

