
वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली, महिला सुरक्षा कर्मी समेत दो घायल, मचा हड़कंप
स्वतंत्रता दिवस के चलते एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट जोन घोषित किया गया था।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक यात्री की पिस्टल से गलती से गोली चल गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए। स्वतंत्रता दिवस के चलते एयरपोर्ट को 11 से 20 अगस्त तक हाईअलर्ट जोन घोषित किया गया था। इसके बावजूद फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, आजमगढ़ निवासी कमलेश राय अपनी पत्नी के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जाने के लिए वाराणसी एयरपोर्ट पहुंचे थे। उनके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। सुरक्षा जांच के दौरान हथियार की जांच किए जाने के दौरान अचानक गोली चल गई।
गोली लगने से एक महिला सुरक्षा कर्मी के पैर में चोट आई, जबकि पास मौजूद एक अन्य व्यक्ति के अंगूठे में गोली लगी। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। एडीसीपी गोमती जोन समेत पुलिस अधिकारी और इंटेलीजेंस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने अपने बयान में कहा कि घटनास्थल का निरीक्षण किया जा रहा है और मामले से जुड़ी जरूरी जानकारियां जुटाई जा रही हैं। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

